
होशियारपुर, 1 सितंबर : कमाही देवी धार्मिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण स्थान है और पहाडियों की गोद में बसे इस गांव के चारों तरफ घनी आबादी वाले कई गांव बसे हैं। इस गांव की महत्ता को देखते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्य सभा सदस्य अविनाश राय खन्ना ने इस गांव को ब्लाक बनाए जाने की मांग उठाई है। उपरोक्त जानकारी खन्ना के राजनीतिक सचिव संजीव तलवाड ने आज संसदीय कार्यालय में खन्ना से अपनी समस्याओं के समाधान हेतू मिलने आए लोगों को संबोधित करते हुए दी। तलवाड ने कहा कि खन्ना ने पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को पत्र लिखकर अपील की कि लोगों की मुश्किलों और गांव की महत्ता को देखते हुए इसे ब्लाक बनाया जाना बेहद जरूरी है। तलवाड ने कहा कि खन्ना ने पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को जानकारी देने हेतू कहा कि अगर सरकार इसे ब्लाक बना देती है तो यह इस इलाके के विकास का एक नया अध्याय होगा। इस मौके पर होशियार सिंह, नीरज शर्मा, नरेश अग्रवाल, तरुण अरोड़ा, कुलविंदर सिंह, सुनील शर्मा, मुकेश, राजेन्द्र परमार, राज कुमार, सतवीर सिंह के इलावा बड़ी संख्या में लोग भी उपस्थित थे।










