
हमीरपुर(द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। पिछले 24 घंटे की बारिश हमीरपुर जिले में 7 करोड़ 88 लाख रुपए की सरकारी एवं गैर सरकारी सम्पत्ति लील गई है। जिले में करीब 1 करोड़ रुपए की फसल बर्बाद हो चुकी है। इसके अलावा कई सडक़ें, पुल, मकान व वाहन बारिश के कारण आए सैलाब में क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की चूक भी उजागर हुई है। इस बात को लेकर प्रशासन के खिलाफ कई जगहों पर लोगों का ग़ुस्सा भी देखने को मिला।

– बरसात के कारण अब तक कुल 45 करोड़ 38 लाख रुपए का नुकसान
जिले में पिछले 24 घंटे में हुए नुक़सान का विवरण जिला प्रशासन ने जारी किया है। उपायुक्त हरिकेश मीणा के अनुसार 24 घंटों में जिले में कुल 7 करोड़ 88 लाख रुपए की सरकारी व गैर सरकारी सम्पत्ति का नुक़सान हुआ है। इनमें करीब 1 करोड़ रुपए की फसलें, 3 करोड़ 61 लाख रुपए पेयजल योजनाओं, 3 करोड़ 10 लाख रुपए के नेशनल हाई-वे क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा पिछले 24 घंटों में बिजली विभाग को 5 लाख 46 हजार रुपए की चपत लगी है। उनके अनुसार अब तक बरसात के कारण कुल 45 करोड़ 38 लाख 16 हज़ार 299 रुपए की सम्पत्ति का नुकसान पहुँच चुका है।











