

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जनता को विकास के नाम पर धोखा देने वाली नगर निगम लोगों के लिए पूरी तरह से नरक निगम बनकर रह गई है। आलम यह है कि लोगों की छोटी-छोटी समस्याओं को दूर करवाने के लिए निगम के चक्कर काटने को मजबूर होना पड़ रहा है वहीं शहर में जो थोड़े बहुत विकास कार्य चल रहे हैं उनकी धीमी गति जले पर नमक छिडक़ने के समान है। परन्तु अब इस नगर निगम के दिन जल्द ही खत्म होने वाले हैं, क्योंकि प्रदेश में आम आदमी की सरकार बनने वाली है। उक्त बात आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयुक्त सचिव संदीप सैनी ने आज यहां जारी एक प्रैस विज्ञप्ति में कही। संदीप सैनी ने कहा कि बस स्टैंड के समक्ष सडक़ की हालत और उसे सुधारने के लिए धीमी गति से चल रहे कार्य से समस्या और भी विकराल होती जा रही है। बस स्टैंड के आसपास का इलाका पूरी तरह से हादसा जोन बनता जा रहा है। आए दिन लोग वहां पर चोटिल हो रहे हैं तथा नगर निगम की ढीली कार्यवाही को कोसते हैं। संदीप सैनी ने कहा कि शहर के सौंदर्यीकरण के नाम पर भी जनता को गुमराह किया जा रहा है तथा निगम द्वारा जो भ्रष्टाचार किया जा रहा है उसका जल्द ही पर्दाफाश करके जनता के समक्ष लाया जाएगा। उन्होंने निगम अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने जल्द से जल्द निगम कार्यप्रणाली में सुधार न किया तो पार्टी द्वारा संघर्ष करके निगम के समक्ष धरना प्रदर्शन करने से भी परहेज नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निगम पर काबित सत्ताधारियों की मनमर्जियों के दिन भी अब खत्म होने वाले हैं।












