Sunday, October 18, 2026
Home Politics पेट्रोल/डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी केंद्र की लालची नीतियों...

पेट्रोल/डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी केंद्र की लालची नीतियों का परिणाम: संदीप सैनी

होशियारपुर(द स्टैलर न्यूज़)। आम आदमी पार्टी होशियारपुर की एक बैठक पार्टी के शहरी अध्यक्ष अजय वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिसमें पार्टी के राज्य उपप्रधान एवं हलका इंचार्ज होशियारपुर संदीप सैनी विशेष तौर पर शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए संदीप सैनी ने कहा कि देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी केंद्र सरकार की लालची नीतियों को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि दुनिया में जहां कच्चे तेल की कीमतें लगातार कम हो रही हैं वही भारत में केंद्र सरकार लोगों को तेल की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी करके सरेआम आर्थिक तौर पर लूट रही है और यह सरकार कहीं से भी जनता की हितेषी नजर नहीं आ रही है।

Advertisements

उन्होंने कहा कि आज आम जनता करोना महामारी के कारण पहले ही आर्थिक तौर पर बहुत ज्यादा कमजोर हो चुकी है। हर कारोबार अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है मगर सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि 20 लाख करोड़ का लॉलीपॉप सरकार द्वारा दिए जाने की जो सरकारी घोषणा की गई थी वह भी आम जनता के साथ खुली आंखों के सामने एक धोखे के रूप में ही साबित हुई है। संदीप सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार और पंजाब सरकार की नीतियां आम जनता की लूट को बढ़ावा देने वाली ही अभी तक नजर आ रही हैं और आम जनता बीमारी से तो शायद बच भी जाए मगर सरकार की आर्थिक लूट की नीतियों से नहीं बच पा रही है। उन्होंने कहा कि आज देश के प्रधानमंत्री और पंजाब के मुख्यमंत्री पर यह कहावत बिल्कुल ठीक बैठती है कि “रोम जल रहा था और नीरो बांसूरी बजा रहा था।“

यह दोनों व्यक्ति देश और राज्य के मालिक तो बन गए पर नीतियां इनकी जनता विरोधी ही साबित हुई है जोकि किसी भी सूरत-ए-हाल में स्वीकार करने योग्य नहीं है। श्री सैनी ने कहा कि जब-जब भी आम जनता की यह सरकारें आर्थिक लूट की नीतियां बनाकर उन्हें लूटती रहेंगी तब तब आम आदमी पार्टी का हर कार्यकर्ता इनके विरोध में खड़ा होकर संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि वह इन नाकारा हो चुकी सरकारों की नीतियों को समझते हुए आम आदमी पार्टी का साथ देते हुए एक समृद्ध एवं शक्तिशाली भारत का निर्माण करने में सहयोग करें। इस अवसर पर खुशी राम, सुभाष, नीशू, मुकेश, राजिंदर, हरिकृष्ण, दीपक कौशल, पवन कुमार, दविंदर सिंह, इंद्रमोहन सिंह व जयदीप आदि मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here