
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज 2001 में संसद भवन की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले बहादुर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। केंद्रीय गृह मंत्री ने संसद भवन परिसर में वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस कायरतापूर्ण हमले की 19वीं बरसी पर अपने ट्वीट में अमित शाह ने कहा कि 2001 में लोकतंत्र के मंदिर संसद भवन पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में दुश्मनों से लोहा लेते हुए अपना सर्वोच्च न्योछावर करने वाले माँ भारती के वीर सपूतों को कोटि-कोटि नमन करता हूँ। कृतज्ञ राष्ट्र उनके अमर बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।

13 दिसंबर 2001 को लश्करे तैयबा और जैश ए मोहम्मद के आतंकवादी संसद परिसर में घुस आए थे और उन्होंने अंधाधुंध फ़ायरिंग की थी। सुरक्षा बलों ने भीषण जवाबी कार्रवाई में उन्हें मार गिराया था। इस हमले में दिल्ली पुलिस के 5 पुलिसकर्मी, सीआरपीएफ़ की 1 महिला कर्मी, संसद भवन के वॉच एंड वार्ड के 2 कर्मी और एक माली की मृत्यु हो गई थी। हमले में एक पत्रकार भी घायल हुआ था जिसकी बाद में मृत्यु हो गई थी।












