
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। गांव बस्सी दौलत खां स्थित भारत ज्यूलर्स में चोरी का पता चलने पर स्वर्णकार संघ पंजाब के उपाध्यक्ष पूर्व पार्षद सुदर्शन धीर ने दुकान के मालिक विशाल वर्मा से भेंट की और इस घटना पर दुख व्यक्त किया।

इस मौके पर उन्होंने पंजाब प्रधान यशपाल से भी फोन पर बात की और उन्हें इसकी जानकारी देते हुए पंजाब में स्वर्णकारों की सुरक्षा व उनकी दुकानों की सुरक्षा को यकीनी बनाए जाने के लिए कदम उठाए जाने की मांग की। इस अवसर पर श्री धीर ने कहा कि एक स्वर्णकार कड़ी मेहनत से अपना परिवार पालता है तथा ऐसी घटना से विशाल के समक्ष घर-परिवार को चलाना मुश्किल हो गया है। क्योंकि, चोर दुकान से सारा सामान चोरी करके ले गए हैं।
उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां पुलिस को जल्द से जल्द चोरों को पकडऩा चाहिए वहीं सरकार को भी चोरी का शिकार हुए दुकानदार को आर्थिक मदद देनी चाहिए ताकि वह अपना कारोबार फिर से सैट कर सके। उन्होंने विशाल को आश्वासन दिया कि वह स्वर्णकार संघ की तरफ से उन्हें सहायता दिलाने के लिए प्रयास करेंगे तथा कानून व्यवस्था बनाने तथा चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए कैबिनेट मंत्री सुन्दर शाम अरोड़ा से भी कड़े कदम उठाने की मांग करेंगे ताकि दुकानदार खुद व दुकान को सुरक्षित महसूस कर सके।











