
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शिक्षा विभाग ने शिक्षा के क्षेत्र में देश में अव्वल राज्य के खिताब को कायम रखने के लिए नवंबर में होने वाले नेशनल अचीवमेंट सर्वे (नेस) के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके अंतर्गत जिला शिक्षा अफसर (सेकेंडरी) डा. गुरशरण सिंह की देखरेख में सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के अध्यापकों को चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी के साथ ही जिला शिक्षा सुधार टीम के मुखी शैलेंद्र ठाकुर जिले के 21 शिक्षा ब्लाकों के स्कूल प्रमुखों, बीपीईओ, मास्टर ट्रेनर, ब्लाक मेंटर, सब्जेक्ट रिसोर्सपर्सन में ब्लाक रिसोर्ससेंटरों में स्कूल अध्यापकों को विस्तार के साथ जानकारी दे रहे है।

शैलेंद्र ठाकुर ने बताया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय नवंबर में नेशनल अचीवमेंट सर्वे का आयोजन करने जा रहा है। कक्षा तीन, पांचवीं व आठवीं के विद्यार्थियों का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके आधार पर राज्यों की परफारमेंस ग्रेडिग इंडेक्स, पीजीआई रैंकिग की जाएगी। 2017 में नेशनल अचीवमेंट सर्वे में पंजाब राज्य का 28वां स्थान रहा। इस वर्ष बेहतर प्रदर्शन को लेकर विभाग की ओर से विशेष तैयारी की जा रही है। उन्होंने नवंबर2021 में होने वाले नेशनल अचीवमेंट सर्वे में आम जानकारी के साथ साथ अलग-अलग विषयों के संबंधी लर्निंग आउटकम आधार प्रश्नावली संबंधी विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों के तैयारी के लिए विशेष नुक्ते सांझे किए। उन्होंने अध्यापकों में नेस संबंधी जागरूकता पैदा करने के लिए विधियों के बारे भी बताया।
विद्यार्थियों को प्रश्न पत्र की फोटो कापी उपलब्ध कराएंगे शिक्षक:
शैलेंद्र ठाकुर ने बताया के पंजाब शिक्षा विभाग की ओर से सर्वे में बेहतर प्रदर्शन के लिए मासिक स्तर पर मूल्यांकन कार्य का आयोजन किया जा रहा है । सभी प्रारंभिक विद्यालयों में प्रत्येक माह मूल्यांकन का आयोजन हो रहा है । विभाग की ओर से प्रश्न पत्र तैयार किया गया है इसकी डिजिटल प्रति आनलाइन शिक्षकों को उपलब्ध करवाई गई है। शिक्षक कक्षावार प्रश्न पत्रों की फोटोकापी विद्यार्थियों को प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में नियत तिथि में विद्यालय में उपलब्ध करवा रहे हैं । उन्होंने कहा कि स्कूलों की शैक्षिक गुणवत्ता, शैक्षिक गतिविधियों के साथ संबंधित सामग्री और सुविधाओं, स्कूल प्रबंधन व स्कूलों के समाज में प्रभाव के बारे में सर्वेक्षण होगा। विभाग की तरफ से तैयार किए गए नमूनों की प्रश्नावली जिले के हर स्कूल तक पहुंचाई जा चुकी है। इसके तहत ही नेस की योजनाबद्ध तरीके से तैयारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि यदि बच्चे सवाल का हल नहीं कर पाते हैं या गलती करते हैं तो शिक्षक उसकी विवेचना नोटबुक में करेंगे, ताकि बच्चे उसमें सुधार कर सकें।











