नगर निगम चण्डीगढ़ से सम्बन्धित ऑनलाइन सेवाएं हिंदी भाषा में भी होंगी उपलब्ध

चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़): चण्डीगढ़ के मेयर रविकांत शर्मा ने चण्डीगढ़ नगर निगम के कमिश्नर अनिन्दिता मित्रा (आई.ए.एस.) की उपस्थिति में नगर निगम चण्डीगढ़ की बिल्डिंग में ‘‘हिंदी पखवाड़ा’’ की औपचारिक शुरूआत की। नगर निगम चण्डीगढ़ के विभिन्न विंगों के सभी मुखियों और वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित करते हुए मेयर ने कहा कि 7 से 21 सितम्बर, 2021 तक होने वाले हिंदी पखवाड़े के दौरान विभिन्न प्रोग्राम करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यालय में हिंदी भाषा को प्रोत्साहित करने के लिए नगर निगम चण्डीगढ़ में ‘‘हिंदी विभाग’’ बनाने की संभावना भी तलाशी जाएगी।

Advertisements

मेयर ने कहा कि पानी के बिल अंग्रेज़ी और हिंदी दोनों भाषाओं में होने चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदी पखवाड़ा के दौरान विभिन्न मुकाबले करवाए जाएंगे, जिनमें निबंध लेखन, स्लोगन लेखन, संकल्प, लिखावट मुकाबलों के अलावा कहानी लिखना आदि शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विजेताओं को 21 सितम्बर, 2021 को इनाम दिए जाएंगे।  

नगर निगम के कमिश्नर श्रीमती अनिन्दिता मित्रा, आईएएस ने इस अवसर पर कहा कि चण्डीगढ़ के नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम चण्डीगढ़ से सम्बन्धित सभी ऑनलाइन सेवाएं अंग्रेज़ी के साथ-साथ हिंदी भाषा में भी उपलब्ध होंगी। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को एक हफ्ते के अंदर-अंदर इसको अमल में लाने के लिए हिदायत की। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी दफ़्तर में हिंदी को प्रोत्साहित करने के लिए और अधिक यत्न करेंगे और विक्रेताओं एवं अन्य लाइसेंस धारकों समेत चण्डीगढ़ निवासियों को सभी संचार/सार्वजनिक नोटिस हिंदी भाषा में भी दिए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here