Sunday, November 1, 2026
Home Hoshiarpur मंडी में नहीं रुक रहा गुंडा टैक्स, मिलीभगत से गरीबों को लूटने...

मंडी में नहीं रुक रहा गुंडा टैक्स, मिलीभगत से गरीबों को लूटने का क्रम जारी: परमजीत सचदेवा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर की नई दाना एवं सब्जी मंडी में लंबे अर्से से मिलीभगत करके गरीब रोहड़ी एवं फड़ी वालों से गुंडा टैक्स वसूले जाने का सिलसिला जारी होना हमारे सरकारों एवं सरकारी तंत्र पर बड़े सवाल खड़े करता है। इतना ही नहीं चुनाव नजदीक आता देख पंजाब सरकार ने 1 सितंबर से मंडी में रेहड़ी वालों से किसी भी तरह की फीस लेने पर पाबंदी लगाई थी। लेकिन बावजूद इसके मिलीभगत का खेल जारी होने से गरीबों की सरेआम लूट हो रही है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह बात समाज चिंतक एवं समाज सेवी परमजीत सिंह सचदेवा ने इस मामले का एक बार फिर से कड़ा संज्ञान लेते हुए कही। सचदेवा ने बताया कि 2017 में भी उन्होंने गरीबों की आवाज उठाते हुए इस मामले को माननीय अदालत में लेकर गए थे। जहां पर अदालत ने गरीबों से पार्किंग एवं कैंटीन के नाम पर हो रही लूट पर नकेल कसने की आदेश जारी किए थे। लेकिन सरकार ने बाद में इस लूट का नाम बदलकर यूजिज़ चार्जिज कर दिया था।

Advertisements

लेकिन अब जब कि खुद सरकार ने पत्र जारी करके ऐसे किसी भी तरह की वसूली पर रोक लगा दी है, के बावजूद मिलीभगत से गरीबों की लूट जारी है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने आज प्रतिनिधिमंडल को साथ लेकर जिलाधीश अपनीत रियात से भेंट की और उन्हें सारे मामले से अवगत करवाया ताकि गरीबों की लूट को बंद करवाया जा सके। उन्होंने बताया कि जिलाधीश ने तुरंत इस मामले को लेकर जिला मंडी अधिकारी से बात की और उन्हें एक-दो दिन में सारी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश जारी किए। इस उपरांत प्रतिनधिमंडल ने मिलकर गरीबों को तंग परेशान न करने की बात कही। इस दौरान सचदेवा ने कहा कि एक तरफ युवा वर्ग सरकार की गलत नीतियों के कारण बेरोजगारी एवं अन्य समस्याओं से जूझ रहे हैं तथा इस परेशानी में वह गलत संगत में पडक़र नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं। दूसरी तरफ जो गरीब लोग रोजी रोटी के लिए रेहड़ी एवं फड़ी लगाकर काम कर रहे हैं तो उनसे जबरन गुंडा टैक्स वसूला जा रहा है। जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है।

सचदेवा ने कहा कि उन्होंने मंडी अधिकारी से यह भी अपील की है कि 1 सितंबर से अब तक रेहड़ी वालों से जितना भी टैक्स वसूला गया है उसे वापिस किया जाए। उन्होंने कहा कि मंडी के प्रवेश द्वार पर जो फीस वसूली जा रही है वहां भी बहुत बड़ी गड़बड़ी है, क्योंकि प्रबंधकों ने जो रेट लिस्ट वहां लगा रखी है उस पर पेंट करके मिटा दिया गया है तथा जो पर्ची काटी जा रही है उस पर भी सारी जानकारी अंकित नहीं है। जिससे मामला स्पष्ट है कि सारा खेल कथित तौर पर मिलीभगत के चलते खेला जा रहा है और इसका खामियाजा गरीब जनता को भुगतना पड़ रहा है। लेकिन अब ऐसा बिलकुल नहीं होने दिया जाएगा तथा जब तक गुंडा टैक्स बंद नहीं होगा तब तक संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर मंगत राम कालिया, कुलभूषण, संदीप बुल्लांबाड़ी, बलविंदर राणा, जगविंदर सिंह, कशमीरा सिंह, मनी गोगिया, करमजीत बब्बू आदि सहित बड़ी संख्या में रेहड़ी एवं फड़ी वाले मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here