
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर देशव्यापी रेल रोको आंदोलन सोमवार 4 बजे तक जारी है। हरियाणा-पंजाब में कई किसान रेलवे ट्रैक पर बैठे हैं। यूपी में भी कई जगह रेल रोकी गई है। पंजाब और हरियाणा में 50 ट्रेनों पर असर पड़ा है। यूपी के हापुड़ में किसानों और पुलिस अधिकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई है। उत्तर प्रदेश के एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार ने बताया कि आंदोलन को देखते हुए 44 कंपनी पीएसी और 4 कंपनी अर्ध सैनिक बलों की तैनाती की गई है। पश्चिमी यूपी के 14 संवेदनशील जिलों में सीनियर आईपीएस की तैनाती पहले से चल रही है। किसान ट्रैक पर डटे हैं और उन्होंने 4 बजे तक ट्रेनों की आवाजाही न होने देने की बात कही है। वो लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा में किसानों की मौत के बाद गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।













