
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। नगर निगम होशियारपुर में अकाली-भाजपा पार्षदों की तरफ से दिए जा रहे धरने में उस समय नया मोड़ आ गया जब पार्षद सुरेश भाटिया बिट्टू ने अपनी समस्याओं से अवगत करवाते हुए सत्तारुढ़ नेताओं और सरकार को खूब लताड़ते हुए सरकार को पूरी तरह से फेल करार दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेसियों को सरकार नहीं चलानी आती तो वे उनसे ट्यूशन ले लें ताकि जनता को परेशानियों का सामना न करना पड़े।

सुरेश भाटिया बिट्टू ने कहा कि जेब से पैसे खर्च करके काम करवाकर उसे समाचारपत्रों के माध्यम से लोगों को दिखाने का उनका मकसद मात्र दिखावा करना नहीं था बल्कि जनता को इस बात की हकीकत से अवगत करवाना था कि लोगों को भी पता चल सके कि कमिशनर न होने से पार्षदों को किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है तथा अकाली-भाजपा पार्षद जनता की सेवा के लिए जेब से पैसे खर्च करके जनता की सेवा को तत्पर हैं। बिट्टू ने कहा कि ये स्थिति मात्र अकाली-भाजपा पार्षदों की नहीं बल्कि कांग्रेसियों का भी यही हाल है तथा वे खुद अपनी सरकार के राज में ठगा सा महसूस कर रहे हैं, मगर वे कह नहीं सकते।












