-सफेद रंग की कार में आए करीब 6 युवकों ने दिया वारदात को अंजाम, घटना सी.सी.टी.वी. में कैद, पुलिस जांच में जुटी-
जालंधर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: राणा हिमाचल। जालंधर के अमन नगर से बड़ी खबर है, यहां पर एक सैलूम में काम करने वाले एक युवक पर रंजिश के चलते कुछ युवकों ने तेजधार हथियारों से हमलाकर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया। सारा घटनाक्रम दुकान में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गया तथा पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरु कर दी गई है।
दिन दिहाड़े हुई वारदात को लेकर इलाके में जहां दहशत का माहौल व्याप्त हो गया वहीं आए दिन बढ़ रही गुंडागर्दी की घटनाओं के चलते पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगने स्वभाविक है, क्योंकि पुलिस द्वारा लोगों की सुरक्षा और असामाजिक एवं गुंडा तत्वों पर नकेल कसे जाने के दावे किए जाते हैं। उक्त घटना ने एक बार फिर से पुलिस के सुरक्षा चक्र और गुंडों पर की जाती उसकी उदासीन कार्यवाही की पोल खोल दी है।
जानकारी अनुसार जालंधर के मोहल्ला अमन नगर में स्थित एक सैलूम में काम करने वाले युवक तेजी पर दिन दिहाड़े करीब आधा दर्जन युवकों ने दुकान में घुसकर हमला कर दिया। जिससे दुकान में कार्यरत अन्य कर्मचारी बुरी तरह से सहम गए और दुकान व आसपास के इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। हमलावर तेजधार हथियारों से तेजी को घायल कर मौके से फरार हो गए। दुकान के अन्य साथी उसे निजी अस्पताल लेकर गए, जहां पर उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सैलून के मालिक हैनरी के अनुसार तेजी उसकी दुकान पर काम करता है तथा हमलावरों ने बिना किसी कारण के उस पर हमला कर दिया। उसके अनुसार तेजी के मौसी के लडक़े की कुछ युवकों से रंजिश थी, जिसके चलते दूसरे पक्ष के लडक़ों ने तेजी पर अकारण ही हमलाकर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया। सारी घटना सी.सी.टी.वी. में कैद हो गई। बताया जा रहा है कि हमलावरों की संख्या करीब 6 थी और वे एक सफेद रंग की कार में आए थे। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरु कर दी गई है।