
होशियारपुर, (द स्टैलर न्यूज़)। डिप्टी कमिश्नर संदीप हंस ने बताया कि देश की आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से वर्चूअल माध्यम से बातचीत करेंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंधी जिला स्तरीय कार्यक्रम डी.ए.वी कालेज आफ एजुकेशन के आडिटोरियम में रखा गया है, जिसमें विभिन्न योजनाओं से जुड़े जिले के लाभार्थी हिस्सा लेंगे। वे आज जिला प्रशासकीय कांप्लेक्स में जिला स्तर पर करवाए जाने वाले कार्यक्रम की तैयारियों के प्रबंधों का जायजा लेने के दौरान अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर(विकास) दरबारा सिंह भी मौजूद थे।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि आयोजित वर्चूअल कार्यक्रम में प्रधानमंत्री इन योजनाओं के प्रभाव का आकलन करने के साथ-साथ इनको और बेहतर बनाने के लिए लाभार्थियों से सुझाव भी लेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जिला स्तर पर होने वाले कार्यक्रम के सुचारु प्रबंध समय पर यकीनी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने से संबंधित विभागों के लाभार्थियों को तय समय पर कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए जिम्मेदार होंगे। उन्होंने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव प्रगतिशील भारत की आजादी के 75 वर्ष और इसके लोगों, संस्कृति और उपलब्धियों के गौरवशाली इतिहास को मनाने की पहल है। उन्होंने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की एक श्रृंखला है और जन भागीदारी की भावना से महोत्सव को जन उत्सव के रुप में मनाया जा रहा है।
इस मौके पर जिला विकास व पंचायत अधिकारी अजय कुमार, जिला खाद्य व आपूर्ति कंट्रोलर रेनू बाला वर्मा, एल.डी.एम. तरसेम सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी डा. सतनाम सिंह के अलावा अलग-अलग विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।











