
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। भरवाई रोड निवासियों की एक बैठक कांग्रेस के शहरी प्रधान रमेश डडवाल की अगुवाई में हुई। इस मौके पर इलाका निवासियों ने भरवाई रोड़ की दुर्दशा को लेकर हलके के एमपी एवं केन्द्रीय राज्य मंत्री सोम प्रकाश के प्रति कड़ा रोष व्यक्त किया। बैठक में सभी ने सर्वसम्मति से फैसला लिया कि 19 अगस्त दिन शुक्रवार को बंजरबाग चौक पर सोम प्रकाश का बोर्ड लगाया जाएगा, जिसपर लिखा होगा कि मैं भरवाई रोड नहीं बनवा सका, इसलिए मैं माफी मांगता हूं।

श्री डडवाल ने बताया कि इस संबंधी बोर्ड तैयार करवा लिया गया है तथा उसे चौक पर टांगा जाएगा ताकि यहां से गुजरने वालों को पता चल सके कि हमारे इलाके के एमपी कितने लापरवाह और गौरजिम्मेदाराना तरीके से अपने हलका वासियों की सेवा कर रहे हैं। श्री डडवाल ने बताया कि इस सडक़ पर रोजाना कई लोग हादसे का शिकार होकर चोटिल हो रहे हैं तथा जरा सी बारिश के बाद हालात और भी खराब हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों ने तंग आकर यह कदम उठाने का फैसला लिया है ताकि शायद इस बोर्ड को देखकर केन्द्रीय राज्य मंत्री को थोड़ी बहुत शर्म ही आ जाए।











