Wednesday, October 14, 2026
Home Chandigarh विवाह के झगड़े सम्बन्धी शिकायत के मामले में 4000 रुपए की रिश्वत...

विवाह के झगड़े सम्बन्धी शिकायत के मामले में 4000 रुपए की रिश्वत लेता एएसआई विजीलैंस द्वारा गिरफ़्तार  

चंडीगढ़, (द स्टैलर न्यूज़):  पंजाब विजीलैंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जारी मुहिम के दौरान आज वुमन सैल लुधियाना में तैनात सहायक सब इंस्पेक्टर (ए.एस.आई.) सुखदेव सिंह को 4000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है। इस सम्बन्धी जानकारी देते हुए विजीलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उपरोक्त दोषी पुलिस कर्मचारी को अभिषेख शर्मा निवासी न्यू शिमलापुरी, लुधियाना की शिकायत पर गिरफ़्तार किया गया है।  

Advertisements

उन्होंने आगे बताया कि शिकायतकर्ता ने विजीलैंस ब्यूरो रेंज लुधियाना से सम्पर्क कर बताया कि वह प्राईवेट नौकरी करता है और उसका अपनी पत्नी से विवाह सम्बन्धी झगड़ा चल रहा है और इसकी शिकायत ए.एस.आई सुखदेव सिंह के पास विचाराधीन है।  

शिकायतकर्ता ने आगे दोष लगाया कि उक्त ए.एस.आई उससे पहले भी 7000 रुपए किश्तों में ले चुका है और उसके पारिवारिक सदस्यों के खि़लाफ़ मामला दर्ज करने की धमकी देकर उससे 50,000 रुपए और माँग रहा है। उसने आगे बताया कि उसके और उक्त ए.एस.आई. के बीच सौदा तय हुआ है, जिसके अनुसार उक्त ए.एस.आई. 14,000 रुपए रिश्वत के लिए राज़ी हो गया है, जिसमें से वह 4000 रुपए ख़ुद रखेगा और 10,000 रुपए महिला सैल लुधियाना के इंचार्ज को देगा।  

प्रवक्ता ने बताया कि इस शिकायत की प्राथमिक जाँच के बाद विजीलैंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया और दोषी पुलिस कर्मचारी को दो सरकारी गवाहों की हाजिऱी में शिकायतकर्ता से 4000 रुपए की रिश्वत लेते हुए मौके पर काबू कर लिया गया।  
 इस सम्बन्धी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के अधीन विजीलैंस ब्यूरो के थाना लुधियाना रेंज में एफ.आई.आर. नं 24 तारीख़ 25.9.23 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।  

उन्होंने आगे बताया कि मुलजिम को कल माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने साथ ही बताया कि मामले की आगे की जाँच जारी है और पड़ताल के दौरान महिला सैल के इंचार्ज की भूमिका की भी जाँच की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here