
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू आज हमीरपुर जिला के नादौन विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भूम्पल के वार्षिक पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में अचानक पहुँचे। नादौन से बलडूक जाते हुए मुख्यमंत्री भूम्पल में अचानक रुके और स्कूल के वार्षिक दिवस पर पहुँच कर विद्यार्थियों से बातचीत की और उनके साथ सेल्फ़ी खिंचवाई।

मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को नववर्ष और लोहड़ी की शुभकामनाएँ दी और उनसे अच्छा इंसान बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छा इंसान बनकर समाज की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में कोई भी लक्ष्य हासिल करने की कड़ी मेहनत की आवश्यकता होती है और मेहनत कर कोई भी ऊँचे मुक़ाम तक पहुँच सकता है।












