
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब विजीलैंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चल रही मुहिम के दौरान शनिवार को अमृतसर ग्रामीण पुलिस जिले के अधीन पड़ते थाना गांव कम्बो में तैनात सब इंस्पेक्टर (एस.आई.) धनविन्दर सिंह को 5000 रुपए की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों काबू किया है। इस सम्बन्धी जानकारी देते हुये राज्य विजीलैंस ब्यूरो के सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि उपरोक्त मुलजिम को दिनेश शर्मा निवासी छेहरटा ज़िला अमृतसर की तरफ से दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर गिरफ़्तार किया गया है।

उन्होंने आगे बताया कि उक्त शिकायतकर्ता ने विजीलैंस ब्यूरो को संपर्क करके बताया कि उसने अपनी कार अपने परिचित मलकीत सिंह को बेची थी परन्तु उसने बेची कार की रकम देने से इन्कार कर दिया है। शिकायतकर्ता ने आगे दोष लगाया कि उक्त पुलिस मुलाज़ीम मलकीत सिंह से उसकी कार वापस करवाने के बदले 10,000 रुपए की रिश्वत माँग रहा है और इस सम्बन्धी 2000 हज़ार की रिश्वत पहले ही ले चुका है।प्रवक्ता ने बताया कि इस शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद विजीलैंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया जिस दौरान मुलजिम एस. आई. को दो सरकारी गवाहों की हाज़िरी में 5000 रुपए की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों काबू कर लिया गया।












