Thursday, October 29, 2026
Home Himachal रायजादा मेरा छोटा भाई, मैंने ही उतारा चुनाव मैदान में, ठोक बजा...

रायजादा मेरा छोटा भाई, मैंने ही उतारा चुनाव मैदान में, ठोक बजा कर डालो वोट: सुक्खू 

हमीरपुर  (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा । हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से लगातार 4 बार सांसद बनकर दिल्ली जा चुके अनुराग ठाकुर को पूछा जाना चाहिए कि उन्होंने क्षेत्र के लिए क्या किया है। हमीरपुर को आने वाली ट्रेन कहां है। क्यों हमीरपुर की जनता को ट्रेन के नाम पर भ्रमित करके वोटें बटोरकर जीत हासिल करने के बाद पूरे 5 साल गायब रहे। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेसी प्रत्याशी सतपाल सिंह रायजादा के पक्ष में हमीरपुर के विभिन्न विस क्षेत्रों में ताबड़तोड़ जनसभाओं के दौरान कही। 

Advertisements

सीएम सुक्खू ने कहा कि अपनी नाकामी छिपाने के लिए अनुराग कहते फिर रहे हैं कि प्रदेश सरकार ने रुपए नहीं दिए, लेकिन वह यह भूल किए कि मेरी सरकार को महज 15 माह हुए हैं। उससे पहले वह केंद्र की मोदी और प्रदेश की जयराम सरकार को डबल इंजन की सरकार कहते फिरते थे। अनुराग यह डबल इंजन दौड़ा नहीं पाए और खुद भी हांफ गए हैं। सुक्खू ने कहा कि मेडिकल कॉलेज मैं लेकर आया, लेकिन हर बार की तरह दूसरों के कार्यों का श्रेय लेने की दौड़ लगाने में माहिर अनुराग कहने लगे कि वह स्वयं मैडिकल कॉलेज लाए हैं। यदि यह अनुराग लाए होते तो उस कॉलेज का नाम डा. राधा कृष्ण मैडिकल कॉलेज नहीं रखा जाता। अनुराग सबसे अधिक झूठ बोलने वाले व्यक्ति हैं। जनता को उनसे 4 बार सांसद रहने का रिपोर्ट कार्ड मांगना चाहिए, जोकि वह इस चुनाव में जनता के सामने नहीं रख पा रहे हैं। दूसरों के कार्यों को अपना बताकर अनुराग इस बार जीत नहीं हासिल कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि सतपाल रायजादा मेरा छोटा भाई है और मैंने ही चुनाव मैदान में उतारा है। यह साधारण व्यक्ति है, जहां भी मिलेगा वहीं आपके साथ बैठ जाएगा। दूसरी ओर सांसद अपने कपड़ों में दाग न लग जाए ऐसा ख्याल रखते हैं, लेकिन रायजादा को कपड़ों की नहीं जनता की फिक्र रहती है। जनता से अनुरोध है कि ठोक बजाकर रायजादा को वोट करें। 

जब केंद्र ने दिए महज 1000 तब भी अनुराग नहीं खोल पाए मुंह: रायजादा

कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल सिंह रायजादा ने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर ने हमेशा हर बात पर चुप्पी साध रखी है। न केंद्र में वह आपदा के समय बोल पाए और न ही एनपीएस का रुपया वापिस लाने को लेकर बात कर पाए हैं व न ही अग्रिवीर योजना के खिलाफ मुंह खोला। वह संसदीय क्षेत्र को अपना नहीं मानते हैं। अनुराग ठाकुर ने हर बार संसदीय क्षेत्र में रेल का ड्रामा किया है। रेल लाइन हमीरपुर तक पहुंचाने को ड्रीम प्रोजेक्ट बताते रहे, लेकिन एक इंच भी रेल लाइन ऊना से हमीरपुर की ओर नहीं बिछ पाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इसके लिए महज 1000 रुपए दिए और अनुराग अपनी ही केंद्र सरकार में इसके लिए नहीं बोल पाए। रायजादा ने कहा कि जनता आशीर्वाद देती है, तो वह हमीरपुर तक रेल लाइन पहुंचाएंगें। न केवल जनता की पुरानी मांग को पूरा किया जाएगा बल्कि अनुराग के ड्रीम प्रोजेक्ट को भी मैं पूरा करूंगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here