
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। थाना चब्बेवाल पुलिस ने होशियारपुर के एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के खिलाफ निजी स्कूल के प्रबंधकों को स्कूल का टैक्स माफ करवाने का झांसा देकर करीब साढे 3 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सीए की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरु कर दी है।

एसएसपी को 14 अप्रैल 2024 को दी शिकायत में गांव चब्बेवाल निवासी सुखचंदन कौर पत्नी महिंदरपाल सिंह ने बताया था कि उनका संपर्क सीए नीरज ओहरी निवासी सैफ्रन सिटी के साथ हुआ था तथा उन्होंने उनके साथ लॉरेंस पब्लिक हाई स्कूल चब्बेवाल के बकाया टैक्स भरने की बात की थी। इस पर नीरज ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि वह स्कूल का टैक्स माफ करवा सकता है। इसके लिए उसने रुपयों की मांग की थी। उन्होंने नीरज को इसके लिए 3 लाख 69 लाख दिए और काम करवाने को कहा तथा शेष राशि बाद में देनी तय हुई। परन्तु बार-बार कहने पर भी नीरज ने काम नहीं करवाया तथी टाल मटोल करने लगा।
उन्होंने जब अपने पैसे वापिस मांगे तो वह मुकर गया। एसएसपी ने शिकायत की जांच डीएसपी गुरसेवक सिंह को सौंपी तथा डीएसपी ने जांच में नीरज को आरोपी पाया तथा इस पर अधिकारियों ने थाना चब्बेवाल पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। थाना चब्बेवाल पुलिस ने सीए नीरज ओहरी के खिलाफ धारा 406 व 420 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश में छापामारी शुरु कर दी है। एएसआई कुलविंदर सिंह के अनुसार नीरज ओहरी फरार हो गया है तथा पुलिस द्वारा उसकी तलाश जारी है।












