
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज सुबह बड़ा हादसा होने का समाचार प्राप्त हुआ है। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि भारी बारिश के कारण टर्मिनल 1 की छत का एक हिस्सा ढह गया। एयरपोर्ट की छत गिरने से कई गाड़ियां दब गईं। पुलिस और फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

जानकारी के मुताबिक हादसा सुबह 5.30 बजे हुआ। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि टर्मिनल की छत कैसे गिरी। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के प्रवक्ता ने कहा कि फिलहाल टर्मिनल-1 से सभी प्रस्थान रद्द कर दिए गए हैं। चेक-इन काउंटर भी बंद कर दिए गए हैं। अब से कुछ समय तक कोई चेक-इन या प्रस्थान नहीं होगा।












