
पठानकोट (द स्टैलर न्यूज़)। जिला प्रशासन की ओर से सी.एम. दी योगशाला से जिला को-ऑर्डीनेटर सुरक्षा शुकला चौहान व उनकी टीम की ओर से दी जा रही योग सेवाओं के चलते स्थानीय खेल स्टेडियम लमीनी में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्य मेहमान के रूप में उपस्थित कैबीनेट मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा ने प्रशस्ति पत्र सौंपा। इस दौरान उनके साथ जिला उपायुक्त आदित्य उप्पल, ए.डी.सी. अंकुरजीत सिंह, एस.डी.एम. पठानकोट मेजर डा.सुमीत मुध भी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि पठानकोट की सी.एम. दी योगशाला की ओर से जिले में रोजाना 171 विभिन्न क्षेत्रों में कक्षाएं चल रही हैं। वहीं जानकारी देते हुए जिला को-ऑर्डीनेटर सुरक्षा शुकला चौहान ने बताया कि कक्षाओं में 29 ट्रेनर अपनी सेवाएं दे रहे हैं और जिले में 7 हजार के करीब लोग योग कर रहे हैं। उन्होने कहा कि योग कक्षा में आने से कई योग साधकों को बीमारियों से छुटकारा मिला है।

वहीं उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि योग आसन शरीर, मन और आत्मा को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। शरीर और मन को शांत करने के लिए यह शारीरिक और मानसिक अनुशासन का एक संतुलन बनाता है। योग तनाव और चिंता का प्रबंधन करने में भी सहायक है। योग आसन शक्ति, शरीर में लचीलेपन और आत्मविश्वास विकसित करने के लिए जाना जाता है। इसलिए लोग सी.एम. दी योगशाला की कक्षाओं में बढ़चढक़र भाग लें। वहीं उन्होंने बताया कि योग स्वस्थ व्यक्ति को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है। इसके अलावा बीमारियों से संबंधित योग करने पर मरीजों का राहत मिलती है। खास बात यह है कि कई ऐसी बीमारियां जिनका एलोपैथी में कोई इलाज नहीं है, योग साधना से उनका इलाज हो सकता है। यह शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ता है और मानसिक तनाव को दूर करता है।












