Wednesday, October 21, 2026
Home Hoshiarpur कैबिनेट मंत्री जिंपा ने जेसीटी चौहाल में 29 लाख के विकास कार्यों का किया...

कैबिनेट मंत्री जिंपा ने जेसीटी चौहाल में 29 लाख के विकास कार्यों का किया शुभारंभ

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। कैबिनेट मंत्री पंजाब ब्रम शंकर जिंपा ने आज होशियारपुर जिले के गांव जेसीटी चौहाल में 29 लाख रुपए की लागत से गंदे पानी की निकासी के लिए पाइप लाइन, छप्पड़ और अन्य विकास कार्यों की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह परियोजना गांव वासियों की एक लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान करेगी, जिससे बरसात के दिनों में पानी जमा होने की समस्या समाप्त हो जाएगी। उन्होंने बताया कि गांव से होकर गुजरने वाला काजवे बरसात के दिनों में अक्सर जलभराव के कारण बंद हो जाता था, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए, काजवे के नीचे से पाइप लाइन बिछाई जा रही है, जिससे बरसात के दौरान भी जलभराव नहीं होगा और लोगों की आवाजाही में कोई बाधा नहीं आएगी। इस पाइपलाइन के माध्यम से गंदे पानी का उचित निपटान होगा, जिससे गांव के वातावरण में भी सुधार आएगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस परियोजना से न केवल जेसीटी चौहाल गांव के लोगों को बल्कि आसपास के इलाकों के निवासियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

Advertisements

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार का हमेशा प्रयास रहा है कि राज्य के लोगों को सभी आवश्यक और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों का संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके। इस मौके पर ब्रम शंकर जिंपा ने ग्रामवासियों के साथ बातचीत करते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार उनकी सभी समस्याओं का समाधान करेगी और ग्रामीण इलाकों के विकास के लिए और अधिक योजनाएं लाई जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को बेहतर सड़क, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधाएं मिले ताकि पंजाब के हर गांव का समग्र विकास हो सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का यह सिलसिला जारी रहेगा और लोगों को बेहतर जीवन जीने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों ने कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त किया और इस परियोजना को एक महत्वपूर्ण कदम बताया, जो लंबे समय से गांव की मांग रही थी। इस मौके पर ब्लाक प्रधान बख्तावर सिंह, सरपंच जसवंत सिंह, पूर्व सरपंच हरबिलास, करनैल सिंह, बलदेव, बलवीर, राजेश शर्मा, सतीश कुमार, संजू ठाकुर, सतपाल, संजू, बलराज सिंह व अन्य गांव वासी भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here