
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। माननीय कमिश्नर फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन पंजाब डा. अभिनव त्रिखा और सिविल सर्जन होशियारपुर डा. पवन कुमार शगोत्रा के दिशा-निर्देशों के अनुसार मिशन तंदुरुस्त पंजाब के तहत जिले के लोगों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की खाद्य टीम द्वारा होशियारपुर जिले के विभिन्न हिस्सों में छापेमारी की जा रही है। इसी के चलते जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. जतिंदर भाटिया, फूड सेफ्टी अफसर अभिनव कुमार और विवेक कुमार की टीम ने बीती रात फूड स्ट्रीट और दशहरा ग्राउंड के पास ठेलों की जांच की।

ठेले वालों को टोपी, दस्ताने और मास्क वितरित किए गए। सभी ठेले वालों को साफ-सफाई रखने की हिदायत दी गई और चेतावनी दी गई कि अगर वे साफ-सफाई नहीं रखेंगे, सर पर कैप व दस्ताने पहने बिना खाना बनाएंगे या खाना परोसेंगे तो उनके ख़िलाफ़ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी। ठेला विक्रेताओं एवं दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत रजिस्ट्रेशन कराने के भी निर्देश दिये गये, जो अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जो भी दुकानदार अपंजीकृत हैं, वे जल्द से जल्द पंजीकरण करा लें, अन्यथा उनके विरुद्ध खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जायेगी।












