
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। खेल विभाग, पंजाब की ओर से पहली बार इस वर्ष ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ में पैरा-खेलों को शामिल किया गया है। यह जानकारी ज़िला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी मनप्रीत सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि इन खेलों में पैरा एथलेटिक्स, पैरा बैडमिंटन और पैरा पावर लिफ्टिंग जैसे प्रमुख खेलों को जोड़ा गया है। इन प्रतियोगिताओं में अंडर-15 और अंडर-15 से ऊपर के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे, जिससे विभिन्न आयु वर्ग के पैरा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि यह आयोजन 20 नवंबर 2024 से 25 नवंबर 2024 तक लुधियाना जिले के प्रतिष्ठित गुरु नानक देव स्टेडियम में होगा।

उन्होंने कहा कि खेल विभाग का यह कदम पैरा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें राज्य स्तरीय मंच पर अपनी क्षमता साबित करने के अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बताया कि इन पैरा खेलों में भाग लेने के लिए खिलाड़ी 30 सितंबर 2024 तक आफलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन करवाने संबंधी खिलाड़ी जिला खेल अधिकारी, होशियारपुर की ओर से नियुक्त किए गए नोडल अधिकारी नीतिश ठाकुर के मोबाइल नंबर 99882-83558, ई मेल आई.डी [email protected] पर संपर्क कर सकते हैं।












