
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। विशेष बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और हौसले को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित एक विशेष खेल प्रतियोगिता भाग 2 में भारत विकास परिषद के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में पहुंचने पर विशेष बच्चों एवं स्कूल स्टाफ की ओर से संजीव अरोड़ा का फूलों का गुलदस्ता भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विशेष बच्चों ने विभिन्न खेल एवं अन्य प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और शानदार खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की बेहतरीन प्रस्तुतियों और उपलब्धियों देख उन्हें मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इन बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल इन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सहयोग देने की है।
संजीव अरोड़ा ने बच्चों के अभिभावकों को आश्वासन देते हुए कहा कि यदि इन बच्चों की शिक्षा, खेलकूद, प्रशिक्षण या अन्य किसी भी आवश्यकता के लिए भारत विकास परिषद के सहयोग की जरूरत होगी तो परिषद की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों ने जिस शानदार तरीके से खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया है, उसे देखकर उन्हें पूरी उम्मीद है कि ये बच्चे भविष्य में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर अपने माता-पिता, स्कूल और शहर का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी शुभकामनाएं और सहयोग सदैव इन बच्चों के साथ रहेंगे।
इस अवसर पर संजीव अरोड़ा ने कहा कि किसी भी बच्चे की प्रतिभा को उसकी शारीरिक या अन्य चुनौतियों के आधार पर नहीं आंकना चाहिए। समाज का दायित्व है कि ऐसे बच्चों को समान अवसर और सम्मान मिले, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर अपने सपनों को साकार कर सकें। उन्होंने कहा कि इन बच्चों की मुस्कान, मेहनत और आत्मविश्वास हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।संजीव अरोड़ा ने इस प्रेरणादायक आयोजन के लिए प्रमुख शिक्षाविद् श्री चंद्र प्रकाश सैनी का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चंद्र प्रकाश सैनी और जिला कॉर्डिनेटर अंजू सैनी द्वारा इन बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपनी क्षमता दिखाने के लिए मंच उपलब्ध करवाना सराहनीय प्रयास है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और संवेदनशीलता को बढ़ावा देते हैं।
अंत में उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि विशेष बच्चों को दया की नहीं, बल्कि सम्मान, समान अवसर और प्रोत्साहन की आवश्यकता है। यदि समाज और संस्थाएं मिलकर इनका हाथ थामें तो ये बच्चे हर क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। इस अवसर पर जगजीत सिंह डी.एस.ओ., जिला कॉर्डिनेटर अंजू सैनी, मास्टर रमन कुमार ऐरी, मास्टर मुकेश कुमार,पूनम राजपूत,हरमीत कौर, हरप्रीत कौर, ओंकार सिंह, मास्टर सरबजीत सिंह व अन्य उपस्थित थे।












