Sunday, October 18, 2026
Home Himachal नड्डा सहित भाजपा के तमाम नेता सत्ता के नशे में चूर होने...

नड्डा सहित भाजपा के तमाम नेता सत्ता के नशे में चूर होने के साथ-साथ अहंकार की बीमारी से भी ग्रस्त: प्रेम कौशल 

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का केंद्रीय मंत्री बनने के उपरांत अपने गृह राज्य का दौरा न केवल निराशा जनक रहा अपितु उन्होंने अपने संबोधन में जम कर झूठ भी बोला।प्रदेश सरकार पर निराधार आरोप लगा कर उन्होंने यह साबित कर दिया कि वह हिमाचल मात्र राजनीति करने के उद्देश्य से ही आए थे और उनका प्रदेश की जनता तथा प्रदेश से जुड़े मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है। आज हमीरपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता प्रेम कौशल ने भाजपा अध्यक्ष पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार जिस प्रकार लगातार हिमाचल प्रदेश के साथ अछूतों जैसा व्यवहार कर रही है वह खेदजनक है।प्रदेश सरकार के उपर निराधार आरोप लगाने की बजाए भाजपा अध्यक्ष को जिस केंद्रीय अनुदान का वो जिक्र कर रहे थे उसका तथ्यों और साक्ष्यों सहित लेखा जोखा जनता के समक्ष रखना चाहिए था।

Advertisements

राहुल गांधी पर देश का अपमान करने के उनके आरोप पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश और देशवासियों के मुद्दों पर चर्चा करते हैं और इस देश को एक महान राष्ट्र बनाने में कांग्रेस पार्टी तथा इसके नेताओं का अविस्मरणीय योगदान रहा है।उन्होंने कहा कि देश का अपमान तब होता है जब प्रधानमंत्री विदेशों में जाकर कहते हैं कि पहले जब कोई भारत में जन्म लेता था तो कहता था कि कहां पैदा हो गए,देश का अपमान तब होता है जब जगत प्रकाश नड्डा यह कहते हैं कि 2014 से पहले भारत घुटनों के बल चलता था और देश का अपमान तब होता है जब एक सिरफिरी भाजपा नेत्री महात्मा गांधी को अपमानित करती है और जब कहती है कि देश तो 2014 में आज़ाद हुआ उससे पहले की आजादी तो भीख में मिली थी और देश का अपमान तब भी होता जब दुनियां के सौ से ज़्यादा देशों का नेतृत्व करने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर विश्व के नक्शे पर एक नए देश का निर्माण करने वाली इंदिरा गांधी के विषय में यह कहा जाता है कि उनको तो अमेरिका में बाहर खड़ा रखा जाता था।

कौशल ने कहा कि बुद्ध, श्री कृष्ण, श्रीराम, गुरु नानक देव, गांधी नेहरू, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, रविंद्र नाथ टैगोर, सरदार पटेल, अब्दुल कलाम, भीम राव अम्बेडकर मदर टेरेसा की जन्म भूमि पर जन्म लेने वाले महान देश को लेकर जब प्रधानमंत्री विदेश में जा कर कहां जन्म ले लिया जैसी टिप्पणी करते हैं तब देश का अपमान होता है। उन्होंने ने कहा कि नड्डा सहित भाजपा के तमाम नेता सत्ता के नशे में चूर होने के साथ साथ अहंकार की बीमारी से भी ग्रस्त हैं जिसके चलते उनको अपने आगे सब कुछ छोटा और तुच्छ दिखाई देता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here