
उत्तर प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। उत्तर प्रदेश के बदायूं स्थित मुजरिया क्षेत्र में बदायूं-दिल्ली मार्ग पर दीपावली मनाने घर आ रहे छह लोगों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि सभी नोएडा से एक लोडर में बैठकर उझानी क्षेत्र स्थित अपने गांव जा रहे थे।

पुलिस ने बताया कि नोएडा से दीपावली मनाने कुछ लोग अपने घर आ रहे थे, सुबह करीब सात बजे उनका लोडर मुजरिया कस्बे के पास पहुंचा तभी गांव से निकली एक ट्रैक्टर-ट्राली से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने भी लोडर में पीछे से टक्कर मार दी और डिवाइडर में जा टकराई। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












