Tuesday, October 20, 2026
Home Chandigarh 35 दिनों में अरविंद केजरीवाल पर हुए 3 हमले, दिल्ली के पूर्व...

35 दिनों में अरविंद केजरीवाल पर हुए 3 हमले, दिल्ली के पूर्व सीएम ही सुरक्षित नहीं तो दिल्ली की जनता का क्या होगा

The Stellar News Logo

चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली के ग्रेटर कैलाश हुए हमले की ‘आप’ पंजाब ने सख्त निंदा की है। पार्टी ने कहा कि दिल्ली में हार के डर से बीजेपी बौखलाई हुई है। दिल्ली में ⁠कानून-व्यवस्था पर लगातार सवाल उठाने के कारण अरविंद केजरीवाल पर जानबूझकर हमला करवाया गया है। पार्टी ने कहा कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था पूरी तरह फेल हो गई है। अराजकता का माहौल पैदा हो गया है। अरविंद केजरीवाल पर हमले से गृहमंत्री अमित शाह की नाकामी जगजाहिर हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घटना पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल पर हमला बेहद शर्मनाक है। जब से उन्होंने दिल्ली की कानून-व्यवस्था और जनता की सुरक्षा को लेकर भाजपा से सवाल पूछना शुरू किया है, वह बौखला गई है। यह हमला  भाजपा की बौखलाहट का ही नतीजा है। उन्होंने कहा कि बेहद शर्मनाक है कि पिछले 35 दिनों के अंदर अरविंद केजरीवाल पर तीसरा हमला हुआ है। जब भी बीजेपी अपने जिम्मेदारी निभाने में असफल हो जाती है, वह लड़ाई-झगड़े और हिंसा के रास्ते अपनाने लगती है।

Advertisements

‘आप’ पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पर हमला बेहद निंदनीय है। उन्होंने भाजपा को चेतावनी दी कि पार्टी सुप्रीमो पर हमला हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि देश की जनता सब देख रही है, दिल्ली के लोग भाजपा को इस घिनौने कृत्य का जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी इस तरह आम आदमी पार्टी के नेताओं को डरा नहीं सकती। यह भाजपा की केंद्र सरकार का कानून व्यवस्था का फेलियर है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा एक पूर्व मुख्यमंत्री को सुरक्षा नहीं दे सकती, तो वह आमलोगों की क्या सुरक्षा करेगी! अरोड़ा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पर कायराना हमला भाजपा द्वारा उनकी उस आवाज को दबाने का एक और प्रयास है जो हमेशा लोगों के लिए उठती रही है। यह अत्यंत निंदनीय है। उन्हें समझना चाहिए कि उनकी ये गंदी हरकतें दिल्ली के लोगों को फिर से आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने के संकल्प को और मजबूत करेंगी।

आप के वरिष्ठ नेता और वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा “अरविंद केजरीवाल पर हमला भाजपा के डर और दिल्ली में कानून व्यवस्था के पूरी तरह ध्वस्त होने को उजागर करता है। केंद्रीय गृह मंत्री को अपनी नाकामी छिपाने के बजाय जिम्मेदारी लेनी चाहिए। बेहद शर्मनाक!” कैबिनेट मंत्री तरूणप्रीत सिंह सोंध ने कहा “मैं इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। अरविंद केजरीवाल जी भारतीय राजनीति में सबसे ज्यादा पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं। जो व्यक्ति हजारों बच्चों को मुफ्त शिक्षा देता है, हजारों लोगों को मुफ्त इलाज देता है, हजारों लड़के-लड़कियों को सरकारी नौकरी देता है, उनके साथ इस तरह के व्यवहार सही नहीं है। यह न तो माफ करने लायक है और न ही बर्दाश्त करने लायक। भाजपा उन राज्यों की कानून-व्यवस्था को खराब करती है, जहां उसकी सरकार नहीं है। लेकिन मैं पूछना चाहता हूं कि दिल्ली पुलिस क्या कर रही है? भाजपा इसका जवाब दे क्योंकि दिल्ली पुलिस भाजपा की केंद्र सरकार के नियंत्रण में है।

अगर किसी राज्य का मुख्यमंत्री अपने राज्य में सुरक्षित नहीं है, तो वहां आम नागरिकों का क्या हाल होगा!” आप सांसद मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि दिल्ली में कानून व्यवस्था बनाए रखने में बीजेपी फेल हो गई है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में मुद्दा उठाया था कि दिल्ली पिछले कई महीनों से अपराध और जबरन वसूली के दौर से गुजर रही है और गृह मंत्रालय इसे रोकने में पूरी तरह से विफल रहा है। इसी डर से बीजेपी ने केजरीवाल पर हमला करवाया है। यह बीजेपी की कायरता है। दरअसल उनको अरविंद केजरीवाल से डर लगता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here