
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर पुलिस ने टांडा में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में समझलता हासिल करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकारवार्ता में जानकारी देते हुए एसएसपी सुरेन्द्र लांबा ने बताया कि 8 दिसंबर को थाना टांडा पुलिस को जानकारी मिली थी कि खेत में एक युवक का शव पड़ा हुआ है तथा उसके शरीर पर घाव के निशान थे।

पुलिस ने इस संबंधी अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज करके जांच शुरु कर दी थी। जांच दौरान पुलिस ने शक के आधार पर एक महिला जरीना खातून पत्नी जसविंदर सिंह निवासी नामदेव कालोनी लुधियाना से पूछताछ की तथा उसने बताया कि वह 7 दिसंबर को अपने दोस्त गुलजारप्रीत सिंह उर्फ प्रीत निवासी रापुर को मिलने के लिए टोल प्लाजा चौलांग पर उतरकर उसके गांव की तरफ पैदल जा रही थी तथा उस दौरान वह फोन पर उससे बात भी कर रही थी। रास्ते में अजय कुमार पुत्र दर्शन लाल निवासी जल्लोवाल थाना हरियाना ने उसके साथ बदतमीजी की तथा उनकी बातें गुलजारप्रीत सुन रहा था।
बातें सुनकर गुस्से में आए गुलजार ने मौके पर पहुंचकर अजय के सिर पर वार करके उसकी हत्या कर दी। दोनों आरोपियों में जरीना खतून को पुलिस ने 14 दिसंबर को तथा गुलजारप्रीत को 16 दिसंबर को गिरफ्तार करके आगे की कार्यवाही शुरु कर दी थी।












