Thursday, October 29, 2026
Home Chandigarh पंजाब पुलिस ने 20 दिनों में चाइना डोर के जब्त किए 80,879...

पंजाब पुलिस ने 20 दिनों में चाइना डोर के जब्त किए 80,879 बंडल, 90 एफआईआरज दर्ज

चंडीगढ़/जालंधर/लुधियाना (द स्टैलर न्यूज़)। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सोच के तहत पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के उद्देश्य से विशेष डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने पतंग उड़ाने वाली घातक चीनी डोर ‘मांझा’ के खिलाफ एक अभियान शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव के निर्देशानुसार घातक चीनी डोर की बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना है। विशेष डीजीपी अर्पित शुक्ला ने जालंधर पुलिस आयुक्त (सीपी) स्वप्न शर्मा और लुधियाना सीपी कुलदीप सिंह चहल के साथ दोनों शहरों के स्थानीय बाजारों का दौरा किया। उन्होंने पतंग विक्रेताओं से बातचीत कर उन्हें चीनी प्लास्टिक डोर न बेचने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने दुकानदारों से मांझा की अवैध बिक्री या उपयोग की रिपोर्ट करने की अपील की और चेतावनी दी कि इस गतिविधि में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Advertisements

विशेष डीजीपी ने बताया कि पुलिस द्वारा चीनी डोर बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पिछले 20 दिनों में पुलिस टीमों ने राज्यभर में 80,879 बंडल चीनी डोर जब्त किए हैं और 90 एफआईआरज दर्ज की हैं। चीनी डोर के खिलाफ अभियान शुरू करने के साथ ही विशेष डीजीपी ने गणतंत्र दिवस-2025 को ध्यान में रखते हुए जालंधर और लुधियाना में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा भी की। उन्होंने इन शहरों के महत्वपूर्ण स्थानों पर योजनाबद्ध और रणनीतिक छापेमारी की। विशेष डीजीपी अर्पित शुक्ला ने जालंधर और लुधियाना आयुक्तालय क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की उपस्थिति बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व गश्त तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यस्त बाजार क्षेत्रों, मॉल और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश देते हुए व्यापक सुरक्षा उपायों की एक श्रृंखला भी शुरू की। विशेष डीजीपी ने सभी सीपीज/एसएसपीज को अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में पुलिस नाकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी इन नाकों से गुजरने वाले अधिकतम वाहनों की पूरी जांच सुनिश्चित करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here