
उत्तर प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में 2 मालगाड़ियों की भीषण टक्कर होने का समाचार प्राप्त हुआ है। हादसे में दोनों ट्रेनों के लोको पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कानपुर-फतेहपुर के बीच खागा में पांभीपुर के नज़दीक ट्रैक पर रेड सिग्नल था और एक मालगाड़ी खड़ी थी। तभी अचानक पीछे से मालगाड़ी तेज रफ्तार में आई और उसने टक्कर मार दी। दोनों मालगाड़ी पर कोयला भरा हुआ था। टक्कर इतनी भयानक थी कि आगे खड़ी मालगाड़ी का इंजन और गार्ड का डिब्बा ट्रैक से नीचे जा गिरे।

इस ट्रैक पर सिर्फ मालगाड़ियां ही चलती हैं। ऐसे में यात्री ट्रेनों पर घटना का असर नहीं हुआ। रेलवे के सीनियर अफसर मौके पर पहुंच गए। दोनों ट्रेनों के लोको पायलटों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत और बचाव के लिए टीम पहुंच गईं। रेलवे प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।












