
गुरदासपुर (द स्टैलर न्यूज़)। डिप्टी कमिश्नर उमा शंकर गुप्ता द्वारा आज स्थानीय जिला प्रशासनिक परिसर के सम्मेलन हॉल में जिला मिनरल फाउंडेशन (डी.एम.एफ.) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिले में डी.एम.एफ. द्वारा कराए जा रहे विभिन्न विकास प्रोजैक्टों की प्रगति का जायजा लिया गया। बैठक के दौरान एस.एस.पी. बटाला जनाब सुहेल मीर कासम, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) स. हरजिंदर सिंह बेदी आई.ए.एस., अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) स. गुरप्रीत सिंह गिल, एस.डी.एम. दीनानगर स. जसपिंदर सिंह आई.ए.एस., एस.डी.एम. गुरदासपुर स. मनजीत सिंह राजला, एस.डी.एम. डेरा बाबा नानक स. राजपाल सिंह सेखों, एस.डी.एम. कलानौर ज्योत्सना सिंह, एस.डी.एम. बटाला स. विक्रमजीत सिंह, एक्ससीएन माइनिंग स. दिलप्रीत सिंह के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे। बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर उमा शंकर गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि माइनिंग विभाग द्वारा जिन विभागों को विभिन्न विकास प्रोजक्टों के लिए फंड जारी किए गए थे, उनमें से जो प्रोजक्ट पूरे हो गये हैं, उनके प्रयोग प्रमाणपत्र एक सप्ताह के भीतर जमा करवाए जाएं।

इस दौरान उन्होंने जिले में डी.एम.एफ. योजना के तहत जिला खेल परिसर गुरदासपुर में बास्केटबॉल मैदान तैयार करने, जिला लाइब्रेरी के नवीनीकरण प्रोजक्ट, खेल स्टेडियम हरपुरा-धंदोई की तैयारी संबंधी, ब्यानपुर में अंतरराज्यीय नाके के बुनियादी ढांचे संबंधी और अन्य प्रोजक्टों पर भी विचार चर्चा की। डिप्टी कमिश्नर उमा शंकर गुप्ता ने कहा कि जिला गुरदासपुर के मुख्य शहरों में सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस संबंध में एक प्रोजक्ट रिपोर्ट जल्द ही तैयार करके पेश की जाए। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि लोगों की मांग और जनहित को ध्यान में रखते हुए जिले में जो भी अन्य प्रोजक्ट आवश्यक हैं, उनकी प्रोजक्ट रिपोर्ट बनाकर दी जाए ताकि जनहित के उन प्रोजक्ट को भी व्यावहारिक रूप दिया जा सके।











