
होशियारपुर (द स्टैर न्यूज़)। खत्री महासभा पंजाब के आह्वान पर पंजाब के समस्त जिला ईकाईयों की तरफ से शहीद-ए-आज़म सुखदेव थापर की जन्म स्थली सथली नौघरा को चौड़ा बाजार लुधियाना से सीधा रास्ता बनाने की मांग को लेकर जिला प्रशासन को मांगपत्र सौंपे गए। इसी कड़ी के तहत होशियारपुर में भी खत्री महासभा पंजाब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुदर्शन धीर एवं होशियारपुर के प्रधान पवन मेहता की तरफ से अतिरिक्त जिलाधीश (ज) निकास कुमार को मांगपत्र सौंपा गया।

इस संबंधी जानकारी देते हुए सुदर्शन धीर ने बताया कि खत्री महासभा ने पंजाब सरकार से मांग की है कि महान शहीद सुखदेव थापर की जन्म स्थली लुधियाना के नौघरा मोहल्ले में है तथा चौड़ा बाजार से वहां तक सुन्दर कोरिडोर का निर्माण करवाकर शहीद को सच्ची श्रद्धांजलि भेंट की जाए ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने गौरवमयी इतिहास को जान सकें। उन्होंने कहा कि महासभा की तरफ से लंबे समय से यह मांग की जा रही है। श्री धीर ने कहा कि 23 मार्च को शहीद-ए-आज़म भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव जी का शहीदी दिवस है और उस दिन इस कार्य की शुरुआत करवाकर प्रदेश के लाखों खत्री परिवारों का मान बढ़ाया जाए।
उन्होंने कहा कि भले ही शहीद किसी धर्म या जाति के बंधन से मुक्त होते हैं और उन्होंने समाज एवं देश के हर वर्ग के लिए हंसते हुए फांसी का फंदा चूम लिया था। हमें गर्व है कि वह हमारे खत्री परिवार से संबंधित हैं और वह आने वाली पीढ़ियों को देश की खातिर जान न्यौछावर करने का संदेश मिलता रहेगा। श्री धीर ने महासभा की तरफ से सरकार से मांग की कि इस मांग को अतिशीघ्र पूरा करने के लिए 23 मार्च को कोरिडोर बनाने का काम शुरु करवाया जाए, जिसके लिए महासभा सदैव सरकार की आभारी रहेगी।












