
तेलंगाना (द स्टैलर न्यूज़)। तेलंगाना में श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल एसएलबीसी सुरंग से बचाव दल ने 1 शव बरामद किया है। मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह निवासी तरनतारन, पंजाब के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के 16वें दिन रविवार को बचाव दल ने 10 फीट गहरे मलबे से श्रमिक का शव बरामद किया। एसएलबीसी सुरंग में 22 फरवरी से इंजीनियर और मजदूरों समेत 8 लोग फंसे हुए थे। उत्तर प्रदेश के मनोज और श्री निवास, जम्मू-कश्मीर के सन्नी सिंह और झारखंड के संदीप साहू, जगता जैस, संतोष साहू और अनुज साहू की तलाश जारी है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल एनडीआरएफ, सेना, नौसेना और अन्य एजेंसियों के विशेषज्ञ लगातार बचाव कार्यों में लगे हुए हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने रविवार रात गुरप्रीत के परिवार को 25 लाख की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। बता दे कि गुरप्रीत का शव पंजाब में उसके गृहनगर भेज दिया गया है।

अधिकारियों ने रविवार को बताया था कि बचाव कार्यों में सहायता के लिए मानव अवशेष खोजी कुत्तों एचआरडीडी को तैनात किया गया है। केरल पुलिस के बेल्जियन मेलिनोइस नस्ल के कुत्ते 15 फीट की गहराई पर सूघकर वस्तुओं का पता लगाने में सक्षम हैं। तेलंगाना सरकार ने बचावकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रोबोट तैनात करने का निर्णय लिया है। सुरंग के अंदर पानी और कीचड़ सहित चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के कारण काफी जोखिम है।












