
-अभी भी 3 मरीजों का ईलाज किया जाना बाकी-गत दिवस एक संस्था द्वारा होशियारपुर को कारनियल ब्लाइडनैंस फ्री जिला किया गया था घोषित
होशियारपुर। गत दिवस होशियारपुर की एक संस्था द्वारा होशियारपुर को कारनियल ब्लाइंडनैस फ्री जिला घोषित किया गया, मगर रोटरी आई बैंक द्वारा होशियारपुर में कारनियल ब्लाइंडनैस से पीडि़त लोगों की विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार होशियारपुर को कारनियल ब्लाइंडनैस के अभी भी 3 मरीज हैं, जिसके चलते उक्त संस्था का दावा बिलकुल झूठा एवं बेबुनियाद है। इस बात का खुलासा होने से शहर में उक्त संस्था द्वारा सस्ती लोकप्रियता एवं पहले क्रेडि़ट लेने की होड़ में जनता को ही नहीं बल्कि जिला प्रशासन को भी अंधेरे में रखकर जिले को कारनियल ब्लाइंडनैस फ्री जिला घोषित किया जाना चर्चा का विषय बना हुआ है। रोटरी आई बैंक द्वारा विभाग से मिली सूची के अनुसार जारी किए गए डाटा को देख लगता ही नहीं उक्त संस्था ऐसा कोई कदम उठा सकती है। जिसके चलते जिले का अक्स होशियारपुर ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में धूमिल होना स्वभाविक सी बात है।
इस संबंधी रोटरी आई बैंक एवं कारनियल ट्रांसप्लांट सोसायटी (रजि.) की एक बैठक प्रधान जे.बी. बहल की अध्यक्षता में हुई। जिसमें महासचिव संजीव अरोड़ा, वरिंदर चोपड़ा, राजिंदर मोदगिल, शाम सुन्दर नागपाल, भूपिंदर सिंह पाहवा, मनोज ओहरी, जगमीत सिंह सेठी, जसवीर सिंह, सुमित गुप्ता इत्यादि मौजूद थे। इस मौके पर प्रधान जे.बी. बहल ने बताया कि आई बैंक द्वारा एक समारोह के दौरान जिसमें अमृत सागर मित्तल वाइस चेयरमैन सोनालीका इंटरनैशनल ट्रैक्टर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे, उनसे वायदा किया था कि होशियारपुर के साथ-साथ पूरे पंजाब को जल्द ही बाई लैटरल कारनिया फ्री करने का प्रयास किया जाएगा। उसी के तहत स्वास्थ्य विभाग की मुख्य सचिव डा. विन्नी महाजन तथा प्रदेश प्रोग्राम अधिकारी डा. राकेश गुप्ता के दिशानिर्देशानुसार विभाग की तरफ से बाई लैटरल कारनिया बलाइंड (दोनों आंखों से अंधापन) को खत्म करने का जो प्रयास किया गया है उसके अधीन पंजाब से अब तक 17 लोगों को बिना खर्च के कारनिया लगवाकर रोशनी प्रदान की जा चुकी है व इस संबंधी समस्त जानकारी विभाग को सौंपी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि होशियारपुर के 5 मरीजों में से 2 लोगों के कारनिया बदलवाए जा चुके हैं तथा जो 3 शेष बचे हैं उनके भी जल्द ही कारनिया ट्रांसप्लांट किए जाएंगे। प्रधान बहल ने बताया कि तीन लोगों को कारनिया लगाए जाने बाकी हैं तो इसलिए हम अभी जिले को कारनिया बलाइंडनैस फ्री जिला नहीं कह सकते। जहां तक एक एन.जी.ओ. द्वारा जिले को कारनियल बलाइंडनैस फ्री जिला घोषित किया गया है, उन्होंने शायद स्वास्थ्य विभाग की सूची को जानना जरुरी नहीं समझा है। इसके चलते लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। मगर संस्था यह साफ कर देना चाहती है कि जब तक सभी कारनिया ब्लाइंडनैस का शिकार लोगों को कारनियल ट्रांसप्लांट नहीं किया जाता, तब तक हम जिले को इससे मुक्त नहीं मान सकते। उन्होंने जिलाधीश से भी अपील की कि वे इस तरह की घोषणाओं को हलके में न लें, क्योंकि ऐसी घोषणाओं से जिले का अक्स प्रदेश व देश में खराब होता है। प्रधान बहल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से प्रदेश के प्रत्येक आई बैंक को यह सूचना दी गई है कि अगर किसी को कारनिया की जरुरत हो तो वह रोटरी आई बैंक से संपर्क कर सकता है और संस्था भी सभी आई बैंकों के संपर्क में बनी हुई है। इस दौरान महासचिव संजीव अरोड़ा ने कहा कि इस समय पंजाब के अन्य जिलों में 15 कारनियल ब्लाइंडनैस पीडि़त लोगों के आप्रेशन भी बिना किसी खर्च के रोटरी आई बैंक की तरफ से करवा दिए गए हैं। इसकी लिस्ट बाकायदा तौर पर स्वास्थ्य विभाग को सौंपी जा चुकी है। अरोड़ा ने बताया कि संस्था द्वारा यह प्रयास किया जा रहा है कि सोनालीका ग्रुप, स्वास्थ्य विभाग और अन्य समाज सेवी संस्थाओं के सहयोग से जिले व प्रदेश को कारनियल ब्लाइंडनैस से मुफ्त किया जाएगा और संस्था अपने इस उद्देश्य की प्राप्ति की तरफ तेजी से बढ़ रही है।









