Sunday, October 18, 2026
Home Hoshiarpur पंजाब सरकार किसानों के साथ थी, है और रहेगी: अमन अरोड़ा

पंजाब सरकार किसानों के साथ थी, है और रहेगी: अमन अरोड़ा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब के सूचना प्रौद्योगिकी, सुशासन, रोजगार सृजन, प्रशिक्षण और कौशल विकास मंत्री अमन अरोड़ा ने आज यहां कहा कि राज्य सरकार राज्य के किसानों के साथ खड़ी थी, खड़ी है और खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में किसानों की जायज मांगें मानी गई हैं और बाकी मांगों को मनवाने के लिए केंद्र के समक्ष जोरदार तरीके से आवाज उठाई जाएगी। स्थानीय डी.ए.वी. कॉलेज में हिंदू-सिख एकता के प्रतीक अरोड़ा महासभा की ओर से पंजाब सरकार के प्रयास ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ और परिवार मिलन तथा नए चुने गए पदाधिकारियों के सम्मान में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अमन अरोड़ा ने अरोड़वंश समुदाय द्वारा देश के विभिन्न क्षेत्रों में अद्वितीय योगदान के लिए सराहना करते हुए कहा कि सभी को भविष्य में भी सबके भले के लिए पहल जारी रखनी चाहिए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह गंभीर और प्रतिबद्ध है और उनकी जायज मांगों पर मुहर लगा चुकी है। पत्रकारों द्वारा कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा द्वारा दिए गए एक बयान के बारे में पूछे जाने पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि लोगों द्वारा नकारे गए कांग्रेस पार्टी के नेता सत्ता हासिल करने के सपने देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाजवा के सपने सिर्फ सपने ही रह जाएंगे।

Advertisements

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार हर क्षेत्र में आवश्यक विकास और प्रगति के लिए लगातार प्रयासरत है जो कि धरातल पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्रांति लाकर विद्यार्थियों और लोगों के लिए बड़ी सुविधाएं सुनिश्चित की हैं। पंजाब सरकार द्वारा बीते दिन पेश किए गए बजट के बारे में बात करते हुए कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि ‘बदलता पंजाब’ बजट-2025-26 रंगला पंजाब को पेश करता है और आने वाले साल में पंजाब प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा जल्द ही 541 सेवा केंद्रों के बुनियादी ढांचे को और मजबूत किया जा रहा है जिससे 438 नागरिक सेवाएं और भी अधिक सुविधाजनक तरीके से मिलेंगी। अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार ने रोजगार उपलब्ध कराने के क्षेत्र में नए मील के पत्थर स्थापित करते हुए 51655 सरकारी नौकरियां दी हैं जो कि रोजगार के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि कौशल विकास प्रशिक्षण और करियर काउंसलिंग के लिए 230 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रस्ताव है जिससे बेरोजगारों को अपने पैरों पर खड़ा होने में मदद मिलेगी।  

इससे पहले समारोह को संबोधित करते हुए अमन अरोड़ा ने संस्था द्वारा पठानकोट, होशियारपुर और चंडीगढ़ से संबंधित समुदाय की मांगों के बारे में भरोसा दिया कि पंजाब सरकार इन मांगों पर पूरी गंभीरता से विचार कर अगली कार्रवाई करेगी। अरोड़ा महासभा के पदाधिकारियों द्वारा घोषणा की गई कि वे पंजाब सरकार के नशों के खिलाफ अभियान में कंधे से कंधा मिलाकर काम करते हुए नशों के बुरे प्रभावों के बारे में राज्य भर में जागरूकता के लिए प्रयास करेंगे। अरोड़ा महासभा पंजाब के पदाधिकारियों द्वारा कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, टांडा से विधायक जसवीर सिंह राजा गिल, चब्बेवाल से विधायक डॉ. इशांक कुमार और मोगा से विधायक डॉ. अमनदीप कौर, बैकफिंको के चेयरमैन संदीप सैनी और जिला योजना कमेटी की चेयरपर्सन करमजीत कौर का धन्यवाद और सम्मान भी किया गया। इससे पहले कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा को यहां पहुंचने पर गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। इस मौके पर अरोड़ा महासभा के पदाधिकारियों में दीवान अमित अरोड़ा, गुरचरण सिंह चन्नी, रमेश अरोड़ा, दविंदर अरोड़ा, कमलजीत सेतिया, कनव अरोड़ा, रवि मनोचा, दीपक मेहंदीरत्ता आदि भी मौजूद थे।  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here