
जालंधर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रनेड हमला हुआ है। घटना रात करीब 1:30 बजे की है, जब अज्ञात हमलावर ई-रिक्शा में सवार होकर कालिया के घर पहुंचे और ग्रेनेड फेंककर फरार हो गए। धमाका कालिया के घर के बरामदे में हुआ, जिससे दरवाजा टूट गया और पार्क की गई गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा। घटना के समय कालिया अपने घर में सोए हुए थे। पहले तो उन्हें लगा कि ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने से कोई धमाका हुआ है, लेकिन जब मोहल्ले के लोगों ने बताया कि यह ग्रेनेड अटैक है, तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। कालिया के मुताबिक, घटना जालंधर थाने से महज 150 मीटर की दूरी पर हुई है।

उन्होंने बताया कि पहले उनके घर के पास पीसीआर की टीम तैनात रहती थी, लेकिन हाल ही में उसे हटा लिया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई थी। सेंपल ले लिए हैं। इस मामले में FIR दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल CCTV फुटेज जांची जा रही है। आरोपियों का रूट खंगाला जा रहा है। एरिया सिक्योर कर दिया गया है। साथ ही सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फिलहाल ये ग्रेनेड है या कुछ और, इस पर फोरेंसिक टीम जांच कर रही हैं। कई जगहों से हमने CCTV फुटेज कब्जे में लिए हैं।












