
जालंधर (द स्टैलर न्यूज़)। भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर हुए हमले के बारे में बोलते हुए करतारपुर से विधायक बलकार सिंह ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और इसके पीछे गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके पाकिस्तानी आकाओं का हाथ होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लॉरेंस जैसे शरारती तत्व ऐसी नापाक साजिशें रचकर प्रदेश का माहौल खराब करना चाहते हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस घटना की गहनता से जांच कर रही है और अपराधी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।

राज्य के लोगों से सांप्रदायिक सद्भावना बनाए रखने की अपील करते हुए हलका विधायक ने कहा कि पंजाब पहले ही अपने गांवों में आतंकवाद का संताप झेल चुका है, इसलिए पंजाब का माहौल खराब करने की ऐसी साजिशों से बचने की जरूरत है। उन्होंने राज्य में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।












