
मुजफ्फरपुर (द स्टैलर न्यूज़)। मुजफ्फरपुर के बोचहां थाना क्षेत्र के मझौली में भीड़ ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। प्राप्त जानकारी मुताबक महिला वकील सोनी कुमार से मारपीट की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची थी। लोग पुलिस पर छत से पत्थर फेंकने लगे। दारोगा समेत कई पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए तीन किमी तक गाड़ी बैक कर भागना पड़ा। भीड़ के हमले में एक सैप जवान समेत 4 लोग घायल हो गए। इस दौरान सैप जवान की राइफल भी छीनने की कोशिश की गई। छीना झपटी में राइफल का अपर गार्ड टूट गया और वह भीड़ के हाथ लग गया। पुलिस गाड़ी को घुमा नहीं पाई और मझौली से थाने तक लगभग तीन किलोमीटर तक रिवर्स गियर में ही गाड़ी भगानी पड़ी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर हमला करने वालों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की है। दो नाबालिग समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है।

बताया जा रहा है कि महिला वकील की पिटाई और मोबाइल छीन लेने की शिकायत पर पुलिस मझौली गई थी। हमलावरों में महिलाएं भी शामिल थी। एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि दो पक्षो में मारपीट की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस पर छत से पत्थर फेंकना शुरू कर दिया जिसमें सैप जवान घायल हो गया। घायल पुलिशकर्मी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए हमला करने वाले तीन आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल घायल पुलिसकर्मी का हालत खतरे से बाहर है












