
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। अमेरिका और चीन के बीच युद्ध जारी है। अमेरिका ने चीन के 125 प्रतिशत के जवाब में 245 प्रतिशत टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया है। जानकारी तब सामने आई अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने आयातित खनिजों ओर उससे बने उत्पादों पर अमेरिकी निर्भरता के कारण पैदा हुई जोखिमों की जांच के लिए एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए। दस्तावेज में ट्रम्प के उस दावे का हवाला दिया गया है कि “विदेशी महत्वपूर्ण खनिजों पर अत्यधिक निर्भरता” और उनके खराब उत्पाद अमेरिकी रक्षा क्षमताओं, बुनियादी ढांचे के विकास और तकनीकी नवाचार को खतरे में डाल सकते हैं।

आदेश में कहा गया है कि ट्रम्प ने सभी देशों पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाया है और उन देशों पर पारस्परिक रूप से उच्च टैरिफ लगाए हैं जिनके साथ अमेरिका का व्यापार घाटा सबसे अधिक है। व्हाइट हाउस ने कहा कि 75 से अधिक देश पहले ही नए व्यापार समझौतों पर चर्चा करने के लिए संपर्क कर चुके हैं। इसे देखते हुए चीन को छोड़कर अन्य देशों पर लगने वाला जवाबी टैरिफ फिलहाल टाल दिया गया है। अमेरिका के अनुसार चीन ने जवाबी कार्रवाई की है इसलिए चीन के उत्पादों पर अमेरिका में आयात पर 245 प्रतिशत तक टैरिफ लगाया जाएगा।












