
श्रीनगर (द स्टैलर न्यूज़)। नई दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिग की उड़ान में उस समय हड़कंप मच गया, जब ओलावृष्टि के कारण विमान का अगला हिस्सा टूट गया। पायलट ने अपनी सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित किया और श्रीनगर हवाई अड्डे पर सुरक्षित आपात लैंडिंग की। विमान में 220 से अधिक यात्री सवार थे। भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई2142 को ओलावृष्टि के कारण टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। टर्बुलेंस का मतलब हलचल से है।

इस स्थिति में उड़ान हिचकोले खाने लगती है और ऐसे में कई बार उड़ान अपनी ऊंचाई से कुछ फीट नीचे भी आ जाती है। उन्होंने बताया कि पायलट ने श्रीनगर एयर ट्रैफिक कंट्रोल को आपात स्थिति की सूचना दी और विमान शाम 6.30 बजे श्रीनगर में सुरक्षित उतर गया। चालक दल के साथ-साथ उड़ान में सवार सभी 227 यात्री सुरक्षित हैं। एयरलाइन ने विमान को एओजी घोषित कर दिया है। एजीओ यानी एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड का मतलब ऐसे विमान से है जो तकनीकी समस्याओं के कारण उड़ान भरने में असमर्थ है। डीजीसीए ने जांच के आदेश दिए।












