
पटियाला (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता की सबसे बड़ी मांग नशे के खात्मे की है। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य के सभी मंत्री और आम आदमी पार्टी के विधायक प्रतिदिन गांवों और वार्डों में जाकर लोगों को इस मुहिम में जोड़ रहे हैं और यह संकल्प लिया गया है कि जब तक पंजाब से नशे का पूरी तरह से अंत नहीं हो जाता, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे। डॉ. बलबीर सिंह आज पटियाला ग्रामीण क्षेत्र के गांव अजनौदा खुर्द, अजनौदा कलां, कनसूहा कलां, पेधनी, पेधन और खुर्द पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों को इस लड़ाई में एकजुट होने का संदेश दिया।

उन्होंने बताया कि पटियाला ग्रामीण क्षेत्र के गांव अब नशा मुक्त होने लगे हैं। उन्होंने गांव सिधुवाल और बख्शीवाला का उदाहरण देते हुए बताया कि इन गांवों के निवासी खुद कह रहे हैं कि अब उनके गांवों में केवल इक्का-दुक्का लोग ही नशा करते हैं, जिन्हें प्रेरित कर नशा छुड़वाया जा रहा है। नशा मुक्ति यात्रा के दौरान, ग्रामीणों द्वारा पार्टीबाज़ी से ऊपर उठकर इस आंदोलन में की जा रही भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि अब राज्य से नशे का जड़ से खात्मा निश्चित है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिस घर में नशा प्रवेश कर जाता है, वह न केवल आर्थिक रूप से कमजोर हो जाता है, बल्कि बीमारियों और अपराधों में उलझकर एक खुशहाल परिवार भी बर्बाद हो जाता है। उन्होंने माता-पिता से अपील की कि वे बच्चों को नशे से बचाने के लिए सतर्क रहें और बच्चों द्वारा खाई जा रही टॉफियों से लेकर हर खाद्य वस्तु पर ध्यान दें, साथ ही बच्चों की संगति पर भी नजर रखें। उन्होंने कहा कि यदि पूरा गांव सतर्क रहेगा, तो नशा गांव में प्रवेश ही नहीं करेगा और हमारी आने वाली पीढ़ियाँ सुरक्षित रहेंगी।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार ने नशा तस्करों और नशा करने वालों पर नजर रखने के लिए गांव रक्षा समितियाँ और वार्ड रक्षा समितियाँ बनाई हैं, जो अपने क्षेत्र में नशा बेचने वालों की सूचना पुलिस को देने के साथ-साथ नशा करने वालों को इलाज के लिए प्रेरित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा नशा छोड़ने वाले व्यक्तियों को कौशल प्रशिक्षण देकर स्वरोज़गार के योग्य बनाया जा रहा है ताकि वे ठीक होने के बाद अपने परिवार का सहारा बन सकें।स्वास्थ्य मंत्री ने ग्रामीणों से अपील की कि नशे के खिलाफ इस सामूहिक लड़ाई को जीतने के लिए हम सभी को एकजुट होना होगा, तभी इस बुराई का जड़ से खात्मा संभव है। उन्होंने सभी से गांव रक्षा समितियों का सहयोग करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर नशा मुक्ति मोर्चा पटियाला ग्रामीण के समन्वयक यादविंदर गोल्डी, हरपाल सिंह विरक, जय शंकर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, रक्षा समितियों के सदस्य, पंच-सरपंच और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।












