
केरल (द स्टैलर न्यूज़)। केरल तट के पास सिंगापुर के झंडे वाले जहाज को धमाके के बाद आग लग गई। रक्षा जनसंपर्क अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि सुबह केरल के तट पर सिंगापुर के झंडे वाले कंटेनर जहाज एमवी वान हाई 503 में विस्फोट की जानकारी मिली। मुंबई में समुद्री परिचालन केंद्र की तरफ से कोच्चि में अपने समकक्षों को सुबह करीब 10.30 बजे अंडरडेक विस्फोट की जानकारी दी गई। 270 मीटर लंबा यह जहाज, जिसकी गहराई 12.5 मीटर है, 7 जून को कोलंबो से मुंबई के लिए रवाना हुआ था, इसके 10 जून को पहुंचने की उम्मीद थी।

पीआरओ ने बताया कि पश्चिमी नौसेना कमान ने सुबह 11 बजे जहाज को दूसरी दिशा में मोड़ दिया। पीआरओ ने अपडेट में बताया, ’22 क्रू में से 18 क्रू ने जहाज को नाव पर छोड़ दिया है। 18 सदस्य समुद्र में कूद गए थे। क्रू को सीजी और आईएन एसेट्स की तरफ से बचाया जा रहा है। जहाज में अभी आग लगी है और वह बह रहा है।’ जहाज तट से काफी दूर है और सभी हितधारकों के साथ समन्वय करके संभावित पर्यावरणीय प्रभावों को कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं।











