
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। देर सायं करीब साढे 6 बजे सिविल अस्पताल में उस समय तनाव एवं भय का माहौल व्याप्त हो गया जब पुलिस बैरक में तैनात पुलिस कर्मी हरीश सिंह ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज से अस्पताल में मौजूद डाक्टर, स्टाफ व मरीज सहम उठे तथा अफरा-तफरी का का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पाया कि पुलिसकर्मी हरीश सिंह का शव खून से लथपथ बैरक में पड़ा था। हालांकि उसे तुरंत इमरजैंसी में ले जाया गया, मगर तब तक वह दम तोड़ चुका था। इसकी सूचना मिलते ही एस.एस.पी. जे.इलनचेलियन ने अस्पताल पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया और बनती कार्रवाई के निर्देश जारी किए।

इस संबंधी अभी तक अधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं आया है, मगर कयास लगाए जा रहे हैं कि हरीश सिंह ने तनाव के चलते यह कदम उठाया होगा। क्योंकि गत रात्रि 9 अक्तूबर को उसकी ड्यूटी के दौरान नशा तस्कर विनोद कुमार उर्फ लक्की पुत्र सुभाष चंद्र निवासी सुखियाबाद पुलिस गिरफ्त से फरार होने में सफल हो गया था। यह वही लक्की था जो एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत आरोपी था और पैरोल पर जब वह जेल से आया था तो पुलिस उसे आस्ट्रेलिया जाने की तैयारी में दिल्ली एयरपोर्ट से पकडक़र लाई थी। मगर वह गत रात्रि पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। पुलिस ने ड्यूटी में कोताही बरतने के आरोप में हरीश सिंह पर मामला दर्ज कर लिया था। बताया जा रहा है कि शायद इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया होगा।











