
कोलकाता (द स्टैलर न्यूज़)। कोलकाता से फिर एक बार रेप की घटना प्रकाश में आई है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट-कलकत्ता (IIM-Calcutta) की छात्रा को दरिंदों ने अपना शिकार बनाया। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक साथी छात्र ने बॉयज हॉस्टल में उसके साथ दुष्कर्म किया। उसे काउंसिलिंग सेशन के नाम पर हॉस्टल में बुलाया गया था। वहां उसे पीने के लिए एक ड्रिंक दी गई। उसने बताया कि ड्रिंग में कुछ नशीला पदार्थ मिलाया था, जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई। बेहोश होने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। एक सीनियर पुलिस अधिकारी के मुताबिक, होश में आने के बाद महिला को अपने साथ रेप होने का अहसास हुआ।

हालांकि वह ये नहीं बता सकी कि उसके साथ एक लड़के ने रेप किया या बेहोशी में उसके साथ अलग-अलग लोगों ने कई बार रेप किया है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने होश में आने पर अपने साथ हुई घटना को लेकर गुस्सा दिखाया तो आरोपी ने उसे धमकी दी। साथ ही इस बारे में किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। कोलकाता पुलिस ने बताया कि आरोपी छात्र को शुक्रवार देर रात ही पहले हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे जांच की जा रही है।












