
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। जिला परिषद हमीरपुर की बुधवार को हुई बैठक में दिव्यागों को बीपीएल से बाहर करने और एनएच 03 के बंद पड़े रास्तों और लिंक रोड को लेकर सदन गर्मा गया। जिला परिषद अध्यक्ष बबली ने एनएचएआई, प्रोजेक्ट इंप्लीमेंटेशन यूनिट और मोर्थ के अफसरों को कोट से लेकर आवाहदेवी तक निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुए रास्तों , लिंक रोड तथा जंक्शन को तुरंत ठीक करने के आदेश दिए। जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि निर्माण कम्पनी की कार्यप्रणाली से जनता दुखी है लेकिन संबंधित जिम्मेवार अधिकारी भी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एन एच के मलबे से दरकोटी और टपरे श्मशान घाट के रास्ते क्षतिग्रस हुए हैं। अस्पताल चौक तथा उहल चौक जंक्शन दुर्घटना को बुलावा दे रहे हैं। झनिक्कर से बारी सड़क का जंक्शन अभी तक ठीक नहीं हुआ है। इस संबंध में साइट इंजीनियर सुशील कुमार ने सदन को जबाव दिया और समस्या को शीघ्र हल करने बारे कदम उठाने का आश्वासन दिया।

वहीं जिला परिषद समीरपुर वार्ड के सदस्य पवन कुमार ने कहा कि गलत व्यवस्थाओं और सरकार के गलत आदेशों के कारण दिव्यांग व्यक्ति बीपीएल श्रेणी से बाहर हो रहे हैं । उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी विशेष के लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए योग्य और जरूरत मंद 75 से 80 प्रतिशत दिव्यांग गरीबी की रेखा की श्रेणी से बाहर किए जा रहे हैं। उन्होंने बमसन विकास खंड की कोट लांगसा पंचायत के दिव्यांग सोमनाथ के मुद्दे को जोरशोर से उठाया।
इसके अलावा जिला परिषद सदन में बिजली , पानी , सड़क , अस्पताल , बस सुविधा तथा अन्य जन समस्याओं को लेकर सवाल रखे गए। जिला परिषद सदन में सदस्यों राजेश कुमार ,संजय कुमार, राजकुमारी, प्रवीण कुमार, वीना देवी, संजीव कुमार इत्यादि ने जनहित से जुड़े करीब 25 मामले उठाए । इन में से अधिकतर सवालों के जवाब संबंधित विभागों के अधिकारियों ने दिए।












