
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। डायरेक्टर जनरल स्कूल शिक्षा-कम-स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर समग्र शिक्षा अभियान पंजाब द्वारा जारी आदेशों के अनुसार 18 अगस्त 2025 से राज्य के विभिन्न स्कूलों में पढ़ रहे विद्यार्थियों के लिए समग्र असेसमेंट कैंप लगाए जा रहे हैं। आज हाजीपुर और कल गरशंकर में यह असेसमेंट कैंप आयोजित होगा। इन कैंपों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शारीरिक स्वास्थ्य जांच करना और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उपकरण प्रदान करना है। इस अभियान के तहत बच्चों को विभिन्न प्रकार के स्वास्थ्य संबंधी उपकरण भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।

जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) श्रीमती ललिता अरोड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कैंप विद्यार्थियों की भलाई के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। लेकिन इस समय पंजाब के कई इलाके बाढ़ और पानी के कारण गंभीर रूप से प्रभावित हैं, जिससे कुछ स्थानों पर आवागमन में कठिनाइयाँ आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में बाढ़ का असर ज्यादा है, वहाँ के बच्चों को कैंप में नहीं बुलाया जाएगा। इन इलाकों के माता-पिता अपने बच्चों की असेसमेंट के लिए सीधे फोन के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए 9501021364 और 9478733557 नंबर जारी किए गए हैं।
श्रीमती ललिता अरोड़ा ने यह भी कहा कि “जहाँ हालात सामान्य हैं, वहाँ माता-पिता अपने बच्चों को साथ लेकर असेसमेंट कैंप में लेकर आएं। बच्चों का स्वास्थ्य और उनकी ज़रूरतें हमारे लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता हैं।” उन्होंने कहा कि जीवन और सुरक्षा सबसे पहले है।
इस अभियान के लिए अलिम्को की टीम विशेष तौर पर दूर से आई है और उन इलाकों के बच्चों को भी सेवा देने के लिए तैयार है, जहाँ पहुँचना संभव है। जिन माता-पिता के लिए कैंप तक आना मुश्किल है, वे फोन के ज़रिये अपनी ज़रूरतों की जानकारी दे सकते हैं, ताकि उनके बच्चों की जांच आसानी से की जा सके।












