
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। दिल्ली में आतंकी हमले से पूरा देश सकते में है और समस्त देशवासियों को ऐसे समय में आतंक के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। यह बात स्वर्णकार संघ पंजाब वन और खत्री महासभा पंजाब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पूर्व पार्षद सुदर्शन धीर ने इंसानियत पसंद देशवासियों से अपील करते हुए कही। उन्होंने कहा कि हमारा देश लंबे समय से आतंकवाद का दंश झेल रहा है और इससे हमारा आर्थिक और सामाजिक दोनों तरह से नुकसान हो रहा है। इसलिए आतंक को कुचलने के लिए जितने भी सख्त कदम उठाने की जरुरत है मौके की सरकार को उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जो देश अपनी संप्रभुता, एकता व अखण्डता से समझौता नहीं करते वही देश दुनिया पर राज करते हैं।

श्री धीर ने कहा कि हम शांतिप्रिय लोग हैं, लेकिन जो हमारे देश एवं धर्म पर टेढी आंख उठाकर देखेगा वह निकाल दी जाएगी। हजारों सालों से हमने आक्रमणकारियों को नाको चने चबाने पर मजबूर किया है तथा यह चंद आतंकी हमारे देश को विभाजित करने या हमारी शांति भंग करने का प्रयास नहीं कर सकते। श्री धीर ने भारत सरकार से मांग की कि ऐसी घटना को अंजाम देने की कोई आतंकी व आतंकी संगठन सपने में भी न सोच सके, इसके लिए आंतकियों को उनके अंजाम तक पहुंचाने हेतु सख्त कार्यवाही को अमल में लाया जाना चाहिए। उन्होंने बम धमाके में मारे गए लोगों के परिवारों के साथ सांत्वना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द कुशल होने की कामना की।












