
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को निशाना बनाया गया। जानकारी देते हुए पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने बताया कि जाफर एक्सप्रेस ट्रेन में बम विस्फोट की कोशिश की गई। विस्फोट बलूचिस्तान के नसीराबाद जिले में रेलवे ट्रैक पर उस वक्त हुआ, जब ट्रेन उससे गुजर गई। ऐसे में एक बड़ी घटना टल गई, नहीं तो जान-माल का काफी नुकसान हो सकता था। अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात हमलावरों ने शहीद अब्दुल अजीज बुल्लो इलाके में रेलवे ट्रैक पर बम प्लांट किया था। हालांकि ये ब्लास्ट तब हुआ, जब ट्रेन, रेलवे ट्रैक से गुजर गई। जैसे ही इस घटना की जानकारी अधिकारियों तक पहुंची तो हड़कंप मच गया और आनन-फानन में आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।

अब इस मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। बलूच राष्ट्रवादी नेता मीर यार बलूच ने बताया है कि बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स (BRG) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। SSP के मुताबिक, ट्रेन को केवल उड़ाने की ही कोशिश नहीं की गई थी बल्कि इस पर दूर से 4 रॉकेट भी दागे गए थे। हालांकि गनीमत ये रही कि रॉकेट भी ट्रेन के पास से गुजर गए और उस पर लग नहीं सके। जिससे ट्रेन को और उसमें बैठे लोगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। हालांकि रेलवे ट्रैक का एक हिस्सा जरूर उड़ गया है। ऐसे में आस-पास की रेल सेवाओं को रोका गया है।












