
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) की पहल के तहत तलवाड़ा स्थित बीबीएमबी अस्पताल में 11 दिसंबर 2025 को हृदय रोगों की जांच हेतु एक निःशुल्क मेडिकल कैंप लगाया जा रहा है। इस कैंप का नेतृत्व पंजाब के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रमन चावला (डीएम, कार्डियोलॉजी) करेंगे, जिन्हें 35 वर्षों का अनुभव है।

यह जानकारी बीबीएमबी तलवाड़ा के मुख्य अभियंता श्री राकेश गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि इस कैंप में बीबीएमबी के कर्मचारियों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के आम नागरिक भी पहुँचकर इसका लाभ उठा सकते हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा हृदय से संबंधित बीमारियों की निःशुल्क जांच की जाएगी और जरूरत अनुसार दवाइयाँ भी दी जाएँगी।
मुख्य अभियंता श्री गुप्ता ने बताया कि कैंप सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा, जबकि रजिस्ट्रेशन सुबह 9 बजे शुरू हो जाएगा। जांच पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जाएगी। उन्होंने सभी बीबीएमबी कर्मचारियों सहित क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस कैंप में पहुँचकर इसका लाभ उठाएँ।
उन्होंने कहा कि वर्तमान जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए 40 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक व्यक्ति को हृदय की जांच नियमित रूप से करवानी चाहिए। इसी उद्देश्य से बीबीएमबी ने विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अतः सभी नागरिकों से अपील है कि वे इस निःशुल्क हृदय रोग जांच शिविर का अधिकतम लाभ लें।












